राजस्थान चुनावः आप के 163 प्रत्याशी घोषित, बेनीवाल के पास पहुंचे कांग्रेस और भाजपा के बागी
पहली बार राजस्थान में विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अब तक दस सूचियां जारी करते हुए 163 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
जयपुर, जागरण संवाददाता। पहली बार राजस्थान में विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अब तक दस सूचियां जारी करते हुए 163 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। दो सीटों पर पूर्व में घोषित प्रत्याशियों को बदला गया है। उधर कांग्रेस और भाजपा में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेता हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी में शामिल हुए है।
आप ने 60 प्रत्याशियों की दसवीं सूची जारी करने के साथ ही जयपुर की दो सीटों पर प्रत्याशियों को भी बदल दिए है। इनमें आदर्श नगर से जितेंद्र हटवाल को मौका दिया गया है। यहां से पहले आजम खान प्रत्याशी थे। वहीं किशनपोल से सुदीप जैन बगड़ा को टिकट दिया गया है। यहां से पहले शकील कुरेशी को प्रत्याशी बनाया गया था।
दसवीं सूची समेत आम आदमी पार्टी अब तक 163 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। उधर कांग्रेस और भाजपा में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेता निर्दलीय विधायक हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी में शामिल हुए है। बेनीवाल ने इन्हे अपनी पार्टी का टिकट भी दिया है। कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर पूर्व विधायक रमेश खंडेलवाल बेनीवाल की पार्टी में शामिल हुए। उन्हे नीमकाथाना से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व आईपीएस अधिकारी विजेन्द्र झाला को बेनीवाल ने बिलाड़ा सीट से प्रत्याशी बनाया है। बेनीवाल अब तक 25 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुके है। वहीं भाजपा के बागी विधायक किशनाराम नाई ने भारत वाहिनी पाटी्र की सदस्यता ग्रहण की। भारत वाहिनी पार्टी के अध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि उनके साथ अधिकांश वे लोग आ रहे है,जो भाजपा में टिकट की बंदरबांट से नाराज है।