कांग्रेस बोली, संकल्प पत्र के स्थान पर भाजपा को माफी पत्र जारी करना चाहिए
Congress attack on BJP manifesto.रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा को संकल्प पत्र के स्थान पर माफी पत्र जारी करना चाहिए था।
जयपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस ने भाजपा के संकल्प पत्र को छलावा पत्र बताते हुए कहा भाजपा के पाप का घड़ा अब भर चुका है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को जयपुर मे एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा झूठों की फौज है। भाजपा केवल जुमलों के आधार पर ही मौज कर रही है।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को झूठों का सरदार करार दिया। उनके मुताबिक, जेटली को जनता ने पहले ही खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र जारी करने से पहले सीएम वसुंधरा राजे को पिछले घोषणा-पत्र में किए गए 665 वादों का हिसाब देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि भाजपा को संकल्प पत्र के स्थान पर माफी पत्र जारी करना चाहिए था।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के 62 प्रतिशत किसान परिवार आज भी कर्ज के बोझ से दबे हुए हैं। न्याय मांगने वाले किसानों और युवाओं पर लाठियां चलाई गईं। राज्य की अर्थव्यवस्था तार-तार होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 2013में राज्य पर 1,15,000 करोड़ का कर्ज था, जो बढ़कर अब 3 लाख 8 हजार करोड़ रुपये हो गया है। स्वास्थ्य सेवाओं की हालात काफी खराब हो गई।