Rajasthan Chunav 2018: कांग्रेसी भी जानते हैं, वह मोदी से नहीं कर सकते मुकाबला: गडकरी
Nitin Gadkari in udaipur. नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा हमेशा से दो समाजों को बांटने का रहा है।
उदयपुर, जेएनएन। केंद्रीय परिवहन एवं उड्डयन मंत्री मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कांग्रेसी नेता अच्छी तरह से जानते हैं कि वह मोदी यानी विकास से मुकाबला नहीं कर सकते। इसीलिए वह जाति, समाज और फूट डालने वाले मुद्दों को उठा रहे हैं। मोदी सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में इतने विकास कार्य किए हैं, जितने कांग्रेस अपने पचास साल के कार्यकाल में नहीं कर पाई। गडकरी मंगलवार को उदयपुर की होटल योइस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा हमेशा से दो समाजों को बांटने का रहा है। इस बार वह जाति-समाज और सांप्रदायिकता को चुनावों तक लेकर जा रहे हैं। इस तरह के मुद्दों को कांग्रेस महत्व देती आई है। हमारा काम विकास से जुड़ा हुआ है। हमने सड़कों के जाल बिछाने में दस लाख करोड़ रुपये खर्च किए। देश के सभी महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ने के लिए सिक्स लेन निर्माण कार्य कराए और काम जारी है। इसी तरह जिला मुख्यालयों को फोर लेन से जोड़ने का काम भी तेजी से जारी है। इसी तरह हवाई सेवा विस्तार में भी भरपूर विकास किया।
उदयपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि आज से पांच साल पहले उदयपुर में चार फ्लाइट डेली थी। जिनकी संख्या बढ़कर अब 22 हो चुकी है। जल्द ही हम झीलों में हवाई सेवा शुरू करने जा रहे हैं। अगले तीन माह में देश की प्रमुख झीलों से हवाई सेवा शुरू होगी, जिनमें उदयपुर भी शामिल है। झीलों से उड़ने वाले हवाई जहाज 18 सीटर तक होंगे। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से काम हो रहा है। इसका श्रेय मोदी
सरकार को जाता है। आज परिवहन कार्यालय में लाखों करोड़ों के काम जारी है लेकिन ठेकेदार को ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा गडकरी ने राजस्थान सरकार के विकास कार्य गिनाते हुए उसका श्रेय मुख्यमंत्री
वसुंधरा को दिया और कहा कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार आ रही है और केंद्र से हाथ मिलाकर राज्य का चहुंमुखी विकास होगा।