Rajasthan Chunav 2018: हार्दिक पटेल- जो भगवान को दलित बना दे, किसानों के लिए क्या करेंगे
Rajasthan Chunav 2018: हार्दिक पटेल ने कहा कि जो लोग स्वार्थ के लिए भगवान बजरंगबली को ही दलित बना दें, वह किसानों के लिए क्या भला कर सकते हैं।
उदयपुर, जेएनएन। गुजरात में पटेल-पाटीदार आरक्षण आंदोलन के संयोजक रहे हार्दिक पटेल ने कहा कि जो लोग स्वार्थ के लिए भगवान बजरंगबली को ही दलित बना दें, वह किसानों के लिए क्या भला कर सकते हैं। पटेल शुक्रवार को उदयपुर जिले के सल्लाड़ा स्थित डांगी समाज की कुलदेवी मंदिर परिसर में किसानों की महासभा को संबोधित कर रहे थे।
हार्दिक पटेल ने कहा कि जो लोग धर्म के नाम पर देश के लोगों को वर्षों से गुमराह कर रहे हैं, वो देश का भला भी नहीं कर सकते। इशारों ही इशारों में उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपने घरवाली का नहीं हो सका, वह देश और किसानों का सगा कैसे होगा। वह तो केवल उद्योगपतियों का ही हो सकता है। उनकस सारा कर्जा माफ कर विदेश भेज सकता है। वह गरीब किसानों का कर्जा माफ नहीं कर सकता।
हार्दिक ने आह्वान किया कि किसानों को ऐसी तानाशाही सरकारों को उखाड़ फैंकना चाहिए। अब अपने हक के लिए आगे आने का वक्त आ गया है। पटेल ने झूठे वादों और जुमलों में नहीं उलझते हुए अपना अमूल्य वोट किसानों की हितैषी पार्टी को देने की अपील की।
उदयपुर में चुनिंदा चार सौ लोगों से रूबरू होंगे राहुल गांधी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को उदयपुर के चुनिंदा चार सौ लोगों से संवाद कार्यक्रम में रूबरू होंगे। एक घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए व्यापारी, डॉक्टर, अधिवक्ता, युवा और विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है।
जिला कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के आरसीए कॉलेज ग्राउण्ड परिसर में बने आरसीए सभागार में राहुल गांधी शहर के चुनिंदा 400 लोगों से संवाद कार्यक्रम में रूबरू होंगे। करीब एक घंटे के इस संवाद कार्यक्रम में
राहुल जिनसे मिलेंगे उनमें व्यापारी, डॉक्टर, अधिवक्ता, स्टूडेंट और युवा शामिल होगे। राहुल गांधी के इस दौरे को विधानसभा चुनाव को लेकर काफी अहम माना जा रहा है। इसके बाद राहुल गांधी भीलवाड़ा और चित्तौडग़ढ़ में आयोजित सभा को संबोधित करने रवाना होंगे।