Rajasthan Chunav 2018: भोपालगढ़ में दूल्हा भी पहुंचा मतदान करने
Rajasthan Chunav 2018: शादी के लिए सजे दूल्हे को मतदान करने के लिए आते देखकर लोगों ने भी उत्साहवर्धन किया।
भोपालगढ़। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहा है और राज्य की कुल 200 में से 199 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान उत्साह के साथ बड़ी-बड़ी कतारों के रूप में किया जा रहा है। इसी दौरान दो दूल्हे भी बारात ले जाने से पहले मतदान करने के लिए शुक्रवार को भोपालगढ़ कस्बे के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में मतदान करने आए। इस दौरान शादी के लिए सजे दूल्हे को मतदान करने के लिए आते देखकर लोगों ने भी उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान दूल्हे भागीरथ ने भी कहा कि मतदान करना लोकतंत्र का अहम हिस्सा है। इसलिए हर नागरिक को मतदान अवश्य करना चाहिए। इस दौरान दूल्हे का हौसला अफजाई करने के लिए पूर्व जिला प्रमुख मुन्नी देवी गोदारा व भोपालगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ ने भी स्वागत किया।