Rajasthan Chunav 2018: लूणी विधानसभा से पोते को जिताने के लिए उतरी थी 86 साल की दादी
Rajasthan election 2018: मलखान के बड़े बेटे और पोते महेंद्र विश्नोई के रूप में अमरी देवी की तीसरी पीढ़ी चुनाव मैदान में है।
राजस्थान के जोधपुर जिले की लूणी विधानसभा सीट पर सुबह से ही मतदान के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इस सीट के लिए कांग्रेस ने एक बार फिर विश्नोई परिवार पर भरोसा जताया और मलखान सिंह विश्नोई के पुत्र महेंद्र विश्नोई को टिकट दिया। ऐसे में अब पिता के जेल में होने की वजह से अन्य रिश्तेदारों के साथ-साथ 86 साल की दादी भी अपने पोते को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए मैदान में आ गई थी।
कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे स्व. रामसिंह विश्नोई की पत्नी अमरी देवी ने गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से खुद चुनाव लड़ा था, लेकिन प्रचार की कमान अन्य लोगों के पास ही थी। इस बार वह अपने पोते के लिए प्रचार करने के लिए बाहर निकली राजस्थान के ठेठ ग्रामीण परिवेश में रची-बसी 86 साल अमरी देवी ने विधानसभा क्षेत्र में सभाएं की और पोते को जिताने की अपील की।
राम सिंह विश्नोई इस क्षेत्र से सात बार विधायक व प्रदेश सरकार में जलप्रदाय मंत्री रह चुके हैं। राम सिंह विश्नोई के बाद 2008 में उनके बेटे मलखान सिंह विश्नोई क्षेत्र से विधायक चुने गए। भंवरी देवी मामले में पिछले पांच सालों से अधिक समय से मलखान सिंह के जेल में होने के कारण विगत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अमरी देवी को अपना प्रत्याशी बनाया था और भाजपा के जोगाराम पटेल के सामने चुनावी रण में उतारा था। भाजपा की मोदी लहर के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
अब इस बार फिर से तिलवासनी गांव के मूल निवासी विश्नोई परिवार पर फिर कांग्रेस ने दांव खेला है। मलखान के बड़े बेटे और पोते महेंद्र विश्नोई के रूप में अमरी देवी की तीसरी पीढ़ी चुनाव मैदान में है। इस बार भी उनका मुकाबला भाजपा के जोगाराम पटेल से ही होना है।