राजस्थानः वसुंधरा सरकार के दो तिहाई मंत्री हारे, कांग्रेस के कई दिग्गजों की भी हुई हार
Rajasthan Assembly Election 2018. वसुंधरा राजे सरकार के दो तिहाई मंत्री और पांच संसदीय सचिव चुनाव हार गए।
जयपुर, नरेन्द्र शर्मा। राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा। वसुंधरा राजे सरकार के दो तिहाई मंत्री और पांच संसदीय सचिव चुनाव हार गए। विधानसभा के उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह भी हारने वालों में शामिल हैं।
उधर, कांग्रेस की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर मीणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश चौधरी और मानवेंद्र सिंह की भी पराजय हुई। वसुंधरा सरकार में 29 मंत्री थे, इनमें से 23 को फिर से चुनाव लड़ने का मौका दिया गया, वहीं छह के टिकट काटे गए थे। टिकट काटे जाने वाले दो मंत्रियों नंदलाल मीणा और जसवंत यादव के टिकट काटे थे, उनके पुत्रों को मैदान में उतारा गया था।
भाजपा के ये दिग्गज चुनाव हारे
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, परिवहन मंत्री युनूस खान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, खानमंत्री सुरेन्द्र पाल, सिंचाई मंत्री डॉ. रामप्रताप, वन मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, चिकित्सा राज्यमंत्री बंशीधर, स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी, गोपालन मंत्री ओटाराम, खाघ मंत्री बाबूलाल वर्मा, सहकारिता मंत्री अजय सिंह, राजस्व मंत्री अमराराम, जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्यमंत्री कमसा मेघवाल और पर्यटन मंत्री कृष्णेन्द्र कौर दीपा चुनाव हार गए हैं। संसदीय सचिवों में लादूराम, विश्वनाथ, भैराराम, कैलाश वर्मा एवं भीमा भाई को पराजय का मुंह देखना पड़ा है। दिग्गज मीणा नेता किरोड़ी लाल मीणा की पत्नी गोलमा देवी भी चुनाव हार गई। टिकट मिलने से एक घंटे पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा भी चुनाव हार गई।
भाजपा के ये बड़े नेता चुनाव जीते
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़, मदन दिलावर और दलित नेता जोगेश्वर गर्ग ने चुनाव जीता है।
कांग्रेस के इन दिग्गजों ने जीत दर्ज कराई
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट, सांसद रघु शर्मा, भरतपुर के पूर्व महाराजा विश्वेन्द्र सिंह, रमेश मीणा, दीपेन्द्र सिंह शेखावत, गोविंद सिंह डोटासरा, जाहिदा, महेन्द्र मालवीय, परसादी लाल मीणा और महेश जोशी चुनाव जीतने वाले बड़े नेताओं में शामिल हैं।
कांग्रेस के ये बड़े नेता चुनाव हारे
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर मीणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश चौधरी, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी, मानवेंद्र सिंह, श्वेता सैनी एवं नसीम अख्तर आदि नेता चुनाव हारने वालों में प्रमुख है।
बसपा ने विधायकों को दिल्ली बुलाया
बसपा के नव निर्वाचित विधायकों को पार्टी सुप्रीमो मायावती ने दिल्ली बुलाया है। बसपा के टिकट पर चुनाव जीतने वालों में दीपचंद, संदीप कुमार, वाजिद अली, लाखन सिंह और जागेन्द्र सिंह शामिल हैं। इन सभी विधायकों की बुधवार को दिल्ली में बैठक होगी।
बेनीवाल जीते, तिवाड़ी हारे
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ साढ़े चार साल तक भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़कर भारत वाहिनी नाम से अलग पार्टी बनाने वाले दिग्गज नेता घनश्याम तिवाड़ी चुनाव हार गए है। वहीं, चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी बनाने वाले निर्दलीय विधायक हनुमान बेनीवाल खुद तो चुनाव जीते ही उनके साथ पार्टी के दो अन्य नेता इन्द्रा और पुखराज भी निर्वाचित हुए हैं।