Move to Jagran APP

राजस्थानः भरतपुर संभाग में भाजपा का सूपड़ा साफ

भरतपुर संभाग में 19 में से 13 सीटें जीतकर कांग्रेस सिरमौर बनी है। वहीं बसपा को तीन तथा भाजपा, रालोद व निर्दलीय को एक-एक सीट पर संतोष करना पड़ा।

By Sachin MishraEdited By: Published: Tue, 11 Dec 2018 07:18 PM (IST)Updated: Tue, 11 Dec 2018 07:18 PM (IST)
राजस्थानः भरतपुर संभाग में भाजपा का सूपड़ा साफ
राजस्थानः भरतपुर संभाग में भाजपा का सूपड़ा साफ

भरतपुर, प्रकाश मोहन गुप्ता। भरतपुर संभाग का चुनाव परिणाम इस बार कांग्रेस के पक्ष में गया है। यहां 19 में से 13 सीटें जीतकर कांग्रेस सिरमौर बनी है। वहीं बसपा को तीन तथा भाजपा, रालोद व निर्दलीय को एक-एक सीट पर संतोष करना पड़ा। संभाग के भरतपुर जिले की सात में से चार सीटें कांग्रेस ने जीत ली हैं, वहीं एक सीट कांग्रेस-रालोद गठबंधन तथा दो सीट बसपा के पक्ष में आई हैं। वर्ष 2013 में भाजपा का यहां सात में से छह सीट पर कब्जा था। इतिहास को दोहराते हुए कांग्रेस ने उसी अंदाज में अपनी उपस्थिति दर्ज की है। भाजपा यहां छह सीटों पर दूसरे नम्बर पर रही है, वहीं एक सीट पर सपा का उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहा।

loksabha election banner

कामां सीट से कांग्रेस की जाहिदा खान ने जिले में सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए भाजपा के जवाहर सिंह बेढ़म को 39621 मतों से हराया। जाहिदा खान को 110789 तथा जवाहर सिंह बेढम को 71168 मत मिले। सबसे कम अंतर नदबई सीट पर रहा। यहां से बसपा के जोगेंद्र सिंह अवाना ने भाजपा की कृष्णेंद्र कौर को 4094 मतों से हराया।

जिले की सबसे हॉट सीट डीग- कुम्हेर से कई बार के उतार चढ़ाव के बाद अंतत: कांग्रेस के विश्वेंद्र सिंह विजयी रहे। उन्होंने भाजपा के दिवंगत नेता डॉ. दिगम्बर सिंह के पुत्र डॉ. शैलेश सिंह को 7777 मतों से पराजित किया। विश्वेंद्र सिंह को 72342 मत तथा डा. शैलेश सिंह को 64565 मत मिले।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर संदेश नायक के अनुसार भरतपुर से कांग्रेस व रालोद गठबंधन के प्रत्याशी सुभाष गर्ग ने 15710 वोटों से जीत हासिल की। गर्ग को 52869 तथा यहां से तीन बार से लगातार जीत रहे भाजपा के विजय बंसल को 37159 मत मिले।

बयाना से कांग्रेस के अमर सिंह 7719 मतों से, वैर से कांग्रेस के भजन लाल जाटव 7892 मतों से विजयी रहे। वहीं, नगर से बसपा के वाजिब अली विजयी रहे। उन्होंने सपा के नेम सिंह फौजदार को 25467 मतों से परास्त किया। यहां से भाजपा की अनीता सिंह तीसरे नम्बर पर रहीं। वाजिब अली को 62644 और नेम सिंह को 37177 मत मिले।

भरतपुर संभाग के सवाई माधोपुर जिले की चार में से तीन सीटों पर कांग्रेस तथा एक पर निर्दलीय प्रत्याशी जीता। यहां की बामनवास सीट से कांगे्रस की इंद्रा मीणा, गंगापुर से निर्दलीय रामकेश मीणा, खंडार से कांग्रेस के अशोक बैरवा तथा सवाई माधोपुर से भी कांगे्रस के दानिश अबरार विजयी हुए हैं। भाजपा चारों जगहों पर दूसरे नंबर पर रही।

संभाग के ही करौली जिले की चार सीटों में से भी कांग्रेस ने तीन तथा बसपा ने एक सीट पर अपनी विजय पताका फहराई। यहां की हिण्डौन सिटी से कांग्रेस के भरोसीलाल, करौली से बसपा के लाखन सिंह, सपोटरा से कांग्रेस के रमेश चंद मीणा तथा टोडाभीम से कांगे्रस के पृथ्वीराज मीणा विजयी रहे। इस जिले में भी भाजपा दूसरे नम्बर पर रही।

संभाग के धौलपुर जिले की चार सीटों में से तीन सीट कांग्रेस को मिलीं, वहीं एक पर भाजपा जीत सकी। जिले की बाड़ी सीट से कांग्रेस के गिर्राज सिंह, बसेड़ी से खिलाड़ीराम, राजाखेड़ा से रोहित बोहरा तथा धौलपुर से भाजपा की शोभारानी विजयी रहीं।

कुल मिलाकर पूरे भरतपुर संभाग के चारों जिलों मेें कांग्रेस हावी रही। यहां की 19 सीटों में से 13 पर कांग्रेस, तीन पर बसपा तथा एक-एक सीट पर रालोद, भाजपा व निर्दलीय जीत सके हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.