Rajasthan Assembly Election 2018ः संस्कारहीन हैं कांग्रेस के लोगः राजनाथ सिंह
Rajnath singh in Rajasthan. राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अभी तक राजस्थान में अपने मुख्यमंत्री का नाम भी तय नहीं कर पाई है।
जयपुर, जेएनएन। राजस्थान में चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को खेतडी, नोखा में हुई सभाओं में आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता संस्कारहीन हैं। प्रधानमंत्री को चोर बताना किस तरह का संस्कार है, इसका जवाब कांग्रेस नेताओं को देना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में मोदी जी और राजस्थान में वसुंधरा राजे ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर आमजन को लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि देश का विकास सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। कांग्रेस ने जो पिछले 60 सालों में नहीं किया वे विकास कार्य भाजपा ने इन 5 सालों में कर दिखाए हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अभी तक राजस्थान में अपने मुख्यमंत्री का नाम भी तय नहीं कर पाई है, क्योंकि वहां मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेसियों में होड़ मची है।
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को पनपाने का आरोप भी लगाया। साथ ही, कहा कि अगर ऐसा नहीं है और पाकिस्तान आतंकवाद से निपटने में सक्षम भी नहीं है तो भारत उसके सहयोग को तैयार है। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद से सख्ती से निपट रहे हैं और सेना को कह दिया गया है कि उधर से गोली चले तो इधर से गोलियों का हिसाब न रखा जाए।