मेरा और कटारिया का एक ही सपना, एक बार बनें मुख्यमंत्री: गुलाबचंद कटारिया
गृहमंत्री यानी पत्नी अनिता कटारिया का कहना है कि उनका और कटारिया का एक ही सपना है कि वह प्रदेश के एक बार मुख्यमंत्री बनें।
उदयपुर, जेएनएन। भाजपा के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया प्रदेश के गृहमंत्री हैं, लेकिन उनकी गृहमंत्री यानी पत्नी अनिता कटारिया का कहना है कि उनका और कटारिया का एक ही सपना है कि वह प्रदेश के एक बार मुख्यमंत्री बनें।
पहली बार उनकी पत्नी ने अपनी और अपने पति के सपने को साझा किया। पति को उदयपुर शहर से भाजपा से टिकट मिलने के बाद कटारिया के साथ उनकी पत्नी अनिता भी विजय रथ पर सवार होकर चुनाव प्रचार के लिए निकली थी। इसी दौरान हुई बातचीत में अनिता कटारिया ने कहा कि मैं मेवाड़ के शासक भगवान एकलिंगजी से आशीर्वाद लेने जा रही कि इस बार भाजपा की सरकार बने और कटारिया प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें।
उन्होंने कहा कि उनके पति कटारिया ने कभी अपने-आप को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर पेश नहीं किया लेकिन उनकी इच्छा अवश्य रही है कि वह मुख्यमंत्री बनकर राजनीति से रिटायर्ड हों। अनिता कटारिया ने यह भी कहा कि उनकी पांचों बेटी भी यह चाहती हैं कि उनके पापा प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें लेकिन उनकी कोई बेटी राजनीति में नहीं आना चाहती। उनकी दो बेटियां सरकारी सेवा में हैं, जबकि तीन बेटियां गृहिणी बनकर परिवार के साथ खुश हैं।