यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Polls 2023: 'राजस्थान को लूटना ही कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा', PM मोदी बोले- नकारा साबित हुई गहलोत सरकार
प्रधानमंत्री नरेन्द्न मोदी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि राजस्थान के कितने ही क्षेत्रों में अब हिंदुओं के ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को उदयपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में राजस्थान के लोगों के साथ मानवता को शर्मसार करने वाली वारदातें हो रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उदयपुर में कन्हैयालाल जी के साथ आतंकी घटना कांग्रेस सरकार पर बहुत बड़ा दाग है। ऐसी जघन्य वारदात उदयपुर में इसलिए हुई क्योंकि यहां आतंकियों के साथ सहानुभूति रखने वाली कांग्रेस की सरकार है।
सनद रहे कि राजस्थान में 25 नवंबर को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि तीन दिसंबर को बाकी चार राज्यों के साथ वोटों की गिनती होगी।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान की संस्कृति, राजस्थान की विरासत, राजस्थान के गौरव को खतरे में डाल दिया है। जैसे हालात राजस्थान में पहले कभी नहीं बने, वो पिछले पांच साल में हमने देखे हैं। किसने सोचा था कि राजस्थान में कभी रामनवमी की शोभायात्रा और कांवड़ यात्रा पर भी प्रतिबंध लग सकता है, लेकिन ये पाप कांग्रेस सरकार ने किया।

PM मोदी की मतदाताओं से अपील
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से अपील की कि राजस्थान के कितने ही क्षेत्रों में अब हिंदुओं के पलायन की खबरें आने लगी हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही, तो ये और भी बढ़ेगा। इसलिए अब राजस्थान को देर नहीं करनी है। 25 नवंबर को पूरे उदयपुर को, पूरे राजस्थान को इस संकल्प के साथ वोट डालने निकलना है कि कांग्रेस सरकार को अब हटाकर ही रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध को काबू कर पाने में पूरी तरह नकारा साबित हुई है। कानून-व्यवस्था के सवाल पर कांग्रेस के मंत्री मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि ये मर्दों का प्रदेश है। आपने न सिर्फ राजस्थान की औरतों का, बल्कि राजस्थान के पुरुषों का भी अपमान किया है। कांग्रेस की यही असली सोच है।
'राजस्थान को लूटना ही कांग्रेस का एजेंडा'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक ही एजेंडा है राजस्थान को लूटो और अपनी तिजोरी भरो। भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा-पानी की तरह है, उसके बगैर कांग्रेस का काम नहीं चल सकता। राजस्थान में कांग्रेस के नेता खुद कह रहे हैं कि यहां ऐसी लूट मची है, जैसी देश में कहीं और नहीं है।
