Lok Sabha Election Result 2019: CM अशोक गहलोत बोले- BJP के लिए सत्ता, कांग्रेस के लिए देश सर्वोपरि
Lok Sabha Election Result 2019 लोकसभा चुनाव 2019 के अभी तक के रुझाने के मुताबिक कांग्रेस राजस्थान में सभी सीट हार रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Lok Sabha Election Result 2019: लोकसभा चुनाव 2019 के अभी तक के रुझाने के मुताबिक कांग्रेस राजस्थान में सभी सीट हार रही है। वहीं, बीजेपी और उसके सहयोगी दल प्रदेश की 25 सीटों पर आगे चल रहे हैं। यहां तक कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत भी लगभग एक लाख वोटों से पीछे चल रहे हैं। राजस्थान में पार्टी को मिली करारी हार के बाद प्रदेश के मुखिया और कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के लिए देश सर्वोपरि है जबकि बीजेपी के लिए सत्ता।
अशोक गहलोत ने लिखा है, "शांतिपूर्वक मतदान के लिए जनता एवं कांग्रेसजनों को धन्यवाद। लोकतंत्र में जनादेश शिरोधार्य होता है, जिसे हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। कांग्रेस ने इस परम्परा को सदैव बनाये रखा और इसका निर्वहन करते हुए देश में लोकतंत्र को मजबूत और कायम रखने का काम किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में एकजुट हो कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों, सिद्धान्तों, घोषणापत्र के आधार पर जन-जन तक पहुंचने के लिए कठोर परिश्रम किया। उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है,हमें देश की एकता को बनाये रखने के लिए निरन्तर कार्यरत रहना है।"
सीएम गहलोत के अन्य ट्वीट के मुताबिक, "कांग्रेस के लिये देश सर्वोपरि है, जबकि भाजपा के लिये सत्ता महत्वपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने यह आम चुनाव जनहित एवं विकास के मुद्दों पर लड़ा जबकि श्री नरेन्द्र मोदी ने आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए धर्म,जाति,सेना के शौर्य, पराक्रम के नाम पर यह चुनाव लड़ा। श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में किये चुनावी वादों के बारे में जनता को कोई जवाब नहीं दिया और ना ही भाजपा के संकल्प-पत्र में किये गये वायदों की चर्चा की। कांग्रेस ने अपने जन घोषणा-पत्र में लोक कल्याण और विकास के लिये बनाये गये कार्यक्रमों पर वोट मांगे।"
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप