राजस्थान: बसपा ने घोषित किए छह और प्रत्याशी
राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस जहां अभी तक प्रत्याशी चयन में उलझी हुई है, वहीं अन्य दल लगातार अपने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करने में जुटे हुए हैं।
जयपुर , जागरण संवाददाता। भाजपा और कांग्रेस जहां अभी तक प्रत्याशी चयन में उलझी हुई है, वहीं अन्य दल लगातार अपने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी ने बसपा ने अपने छह और प्रत्याशी घोषित किए हैं। बसपा अब तक अपने 17 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
बसपा की ओर से जारी की गई सूची में धौलपुर से पंडित किशनचंद शर्मा, बाड़ी से रामहेत कुशवाहा, रामगढ़ से लक्ष्मण सिंह चौधरी, महुआ से पंडित विजयशंकर बोहरा, बयाना से सुनील कुमार जाटव और झालरापाटन से गयास अहमद खान को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। बसपा इससे पहले 11 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी है। आप ने अब तक 82 सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी की है।
कांग्रेस और भाजपा में कसरत जारी
कांग्रेस में टिकटों के मंथन के लिए शुक्रवार से दिल्ली में फिर बैठकों का दौर शुरू हुआ। दिल्ली में अगले दो दिन तक लगातार स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकें होगी। उसके बाद 11 नंवबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होने की संभावना है। 12 नवंबर को कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची आने की उम्मीद की जा रही है। दूसरी तरफ, भाजपा में भी दिवाली के बाद अब फिर से टिकटों को लेकर हलचल शुरू हो गई है।
भाजपा में टिकटों को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे,चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गजेन्द्र सिंह शेखावत और प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी प्रत्याशी चयन को लेकर कसरत कर रहे हैं। दिल्ली में 11 नवंबर को संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची पर मुहर लग सकती है।