जयपुर के पास बना दीनदयाल उपाध्याय का स्मारक, आज अमित शाह करेंगे उद्घाटन
जयपुर के करीब धानक्या में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मारक का अमित शाह उद्घाटन करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।
जयपुर। (ब्यूरो)। जयपुर से 35 किमी दूर धानक्या में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एक स्मारक बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को धानक्या में इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
दीनदयाल का बचपन गुजरा था यहां
यहां दीनदयाल उपाध्याय की अष्टधातु की 15 फीट ऊंची आदमकद मूर्ति लगाई गई और 60 फीट ऊंचा चार मंजिला स्मारक बनाया गया है। इसका निर्माण राजस्थान सरकार के राजस्थान विरासत संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण ने कराया है। यह स्मारक धानक्या रेलवे स्टेशन के पास बनाया गया है। दीनदयाल उपाध्याय के नाना धानक्या रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर थे और यहीं उनका निवास था, जहां उपाध्याय का जन्म भी हुआ और वे यहां तीन चार वर्ष रहे भी। अब राजस्थान सरकार ने रेलवे से यह जमीन ली है और उस निवास को भी इस स्मारक में शामिल किया है जहां उपाध्याय का बचपन गुजरा था।
देख सकेंगे उनके जीवन की प्रमुख घटनाएं
जोधपुरी पत्थर से बना यह स्मारक 4400 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है और इसके निर्माण पर 12 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस स्मारक में उपाध्याय की मूर्ति के अलावा उपाध्याय के जीवन से जुड़ीं सभी घटनाओं को भित्ति चित्रों और अन्य तरीकों से प्रदर्शित किया गया है। उनकी जनसभाएं, बड़े नेताओं से उनकी मुलाकातें, जीवन की प्रमुख घटनाएं आदि सभी कुछ को यहां प्रदर्शित किया गया है।
कार्यकर्ताओं को देंगे जीत का मंत्र
चौथी मंजिल पर एक पुस्तकालय भी बनाया गया है, जहां उपाध्याय के जीवन से जुड़ी किताबों व अन्य पुस्तकों का संग्रह होगा। राजस्थान सरकार ने इसे राजकीय स्मारक घोषित किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार सुबह 11 बजे इस स्मारक का लोकार्पण और उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही वे यहां जयपुर संभाग के 12 हजार से ज्यादा बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।