राजस्थान में अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों को देश में रखने का काम करती है, जबकि हमारा संकल्प हर घुसपैठिए को देश से निकालने का होता है।
जयपुर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के पाली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के परनाना, दादी. पिताजी और मां ने देश में 70 वर्षों तक शासन किया, लेकिन गरीबों को उनका हक नहीं दिया।
उनके मुताबिक, कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों को देश में रखने का काम करती है, जबकि हमारा संकल्प हर घुसपैठिए को देश से निकालने का होता है।
अमित शाह तीन दिन प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान वे जोधपुर,भीलवाड़ा, नागौर और उदयपुर जिलों में विभिन्न सम्मेलनों को संबोधित करेंगे और पार्टी की चुनाव संबंधी तैयारियों का फीडबैक लेंगे। शाह के इस दौरे में भी शुरुआती दो दिन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे उनके साथ नहीं होंगी।
राजनीतिक तौर पर अमित शाह का यह दौरा राजस्थान के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरे में शाह जोधपुर जा रहे हैं, जो कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गढ़ है। राजे हाल में राजस्थान गौरव यात्रा के तहत जोधपुर गई थीं, वहीं पीपाड़ सिटी में उनके काफिले पर पथराव जैसी घटना हुई थी। इसके साथ ही जोधपुर संभाग में भाजपा के प्रति राजपूत समुदाय का कड़ा विरोध सामने आ रहा है।
पूर्व रक्षा मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र विधायक मानवेन्द्र सिंह 22 सितंबर को बाड़मेर में ही स्वाभिमान रैली करने जा रहे हैं। इन स्थितियों को देखते हुए जोधपुर में शाह के इस दौरे से भाजपा को काफी उम्मीदें हैं। जोधपुर संभाग का एक हिस्सा पाली, जालौर, सिरोही का भी है और इसे साधने के लिए शाह पाली जिले में भी कार्यक्रम करेंगे।