कौन होगा विनोद खन्ना का राजनीतिक वारिस, सस्पेंस बरकरार
लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर सीट से भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है। पार्टी अभी तक यहां से प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।
गुरदासपुर [आकाश]। लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर सीट से भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा इसे लेकर सस्पेंस बरकरार है। पंजाब में नामांकन का दौर शुरू हो गया है, लेकिन भाजपा अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं कर पाई है। जिस कारण भाजपा कार्यकर्ताओं में बेचैनी है। विनोद खन्ना के निधन के बाद खाली हुई सीट पर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया को करीब दो लाख मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।
उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा हाईकमान के समक्ष भी यहां पर दमदार चेहरे को उतारना चुनौती बना हुआ है। अमृतसर में केंद्रीय राज्य मंत्री हरदीप पुरी को दिए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता गुरदासपुर सीट पर प्रत्याशी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर से सुनील जाखड़ को मैदान में उतारा है, लेकिन भाजपा प्रत्याशी घोषित न होने से कांग्रेस खेमा भी उलझन में है।
उधर, गुरदासपुर सीट को लेकर गत दिवस अक्षय कुमार द्वारा किए गए ट्वीट की खबर जैसे ही मीडिया में आई तो भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया, परंतु कुछ घंटे बाद अक्षय कुमार ने एक अन्य ट्वीट कर बताया कि वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। अपने पहले ट्वीट में अक्षय ने लिखा था कि कुछ ऐसा है जो अब तक नहीं किया...। थोड़ा नरवस हूंं लेकिन उत्साह में भी हूं। अपडेट का इंतजार करें। इस ट्वीट की सूचना के बाद भाजपाई खुश थे परंतु करीब तीन घंटे बाद अक्षय कुमार ने एक और ट्वीट करके बताया कि वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
वहीं, पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा हर हाल में गुरदासपुर सीट को जीतना चाहती है, लेकिन विनोद खन्ना की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अभी भाजपा को उनका राजनीतिक वारिस नहीं मिल रहा। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि भाजपा गुरदासपुर से किसी सेलीब्रेटी को चुनाव मैदान में उतारेगी। इसी कड़ी में सनी देओल का नाम भी लिया जा रहा है परंतु अभी तक भाजपा कोई निर्णय नहीं ले पाई है।