By Inderpreet Singh Edited By: Shubham Sharma
Published: Thu, 26 Oct 2023 05:30 AM (IST)
संदीप पाठक ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियां शुरू करने को कहा है और साथ ही दोहराया कि पंजाब ...और पढ़ें
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी पंजाब में नगर निगम चुनाव में किसी को भी सिफारिश के आधार पर टिकट नहीं देगी, बल्कि इसके लिए एक सर्वे कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर टिकट दिया जाएगा। बुधवार को यहां पार्टी के विधायकों, जिला व ब्लाक प्रधानों के साथ बैठक करते हुए पार्टी के संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक ने यह स्पष्ट किया।
जीत ही होगी टिकट की पहली शर्त
उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए जीत ही टिकट की पहली शर्त होगी। पाठक ने कहा कि हर नगर निगम में पार्टी सर्वे करवाएगी, जिसमें एक मंत्री, संबंधित जिलों के विधायक, जिला प्रधान, ब्लॉक प्रधान व एक निष्पक्ष पर्यवेक्षक होगा। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही पार्टी तय करेगी कि किसको टिकट देना है।
संदीप पाठक ने सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियां शुरू करने को कहा है और साथ ही दोहराया कि पंजाब सकरार की ओर से आम लोगों के लिए किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाएं। खासतौर पर तीन सौ यूनिट निशुल्क बिजली का लाभ, आम आदमी क्लीनिक से आम लोगों को मिलने वाली सुविधाएं और स्कूल आफ एमिनेंस जैसी सुविधाओं से उन्हें जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री व मंत्रियों से बात
सूत्रों ने बताया कि बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों और जिला प्रशासन की ओर से उनके काम न किए जाने की भी शिकायतें कीं। इस पर संदीप पाठक ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके इन मसलों पर मुख्यमंत्री व संबंधित मंत्रियों से बात की जाएगी।