नवजोत सिंह सिद्धू होंगे कांग्रेस के स्टार प्रचारक, देशभर में करेंगे चुनाव प्रचार
अपने अंदाज के लिए मशहूर पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार कैंपेनर होंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। अपने अंदाज के लिए मशहूर पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार कैंपेनर होंगे। पाकिस्तान जाकर करतारपुर साहिब कॉरिडोर की मांग करके सुर्खियों में रहे सिद्धू कांग्रेस के लिए देशभर में प्रचार करेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस की पंजाब प्रभारी आशा कुमारी ने कहा कि सिद्धू देशभर में प्रचार करने वाले कांग्रेस के स्टार कैंपेनर में शामिल होंगे।
क्रिकेट के बाद राजनिति में आए सिद्धू ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के लिए 17 दिन तक प्रचार किया था। इसके बाद उन्हें बोलने में तकलीफ होने के कारण डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी। कुछ समय पहले सिद्धू पुलवामा हमले को लेकर दिए गए बयान के कारण चर्चा में रहे।
आशा कुमारी ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार को चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रहने पर घेरेगी। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा जो वादे करके सत्ता में आई थी उन्हें पूरा करने में नाकाम रही है। लोग जानना चाहते हैं कि भाजपा ने क्या वादे किए थे और कितने पूरे किए।
वहीं, पंजाब में अकाली दल द्वारा कांग्रेस पर वादे पूरे न करने के लगाए जा रहे आरोप के संबंध में कहा कि यह आरोप सही नहीं हैं। 2017 में जो वादे किए गए थे उनमें से किसान कर्ज माफी के साथ ही कई वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब में सभी 13 सीटें जीतने को लेकर आश्वस्त है।