Move to Jagran APP

अफस्पा को लेकर शिअद ओर भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस, कीं गंभीर टिप्‍पणियां

शिअद और भाजपा गठबंधन ने अफस्‍पा मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस के घोषणापत्र में अफस्‍पा मामले को श‍ामिल करने के लिए कांग्रेस की निंदा की है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 05 Apr 2019 03:35 PM (IST)Updated: Fri, 05 Apr 2019 03:35 PM (IST)
अफस्पा को लेकर शिअद ओर भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस, कीं गंभीर टिप्‍पणियां
अफस्पा को लेकर शिअद ओर भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस, कीं गंभीर टिप्‍पणियां

चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम (अफस्पा) की समीक्षा करने का वायदा किया है। इस वायदे के साथ ही कांग्रेस राजनीतिक दलों के निशाने पर आ गई है। अन्य पार्टियां जहां मुखर होकर कांग्रेस की निंदा कर रही हैं वहीं, कांग्रेस इसका समर्थन कर रही है। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस पर हमला किया है। आम आदमी पार्टी ने अभी तक इस पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दी है।

loksabha election banner

कानून का दुरुपयोग रोकने की बात कांग्रेस करती तो बात अलग थी : शिअद

भाजपा के प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक ने कहा कि कांग्रेस फौज की शक्तियों को कम करना चाह रही है। कांग्रेस का चरित्र फिर से उजागर हो गया है। जब भारत ने एयर स्ट्राइक किया तो नवजोत सिद्धू, दिग्विजय सिंह, कपिल सिब्बल जैसे नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सबूत मांगते हैं। मणिशंकर अय्यर केंद्र से मोदी सरकार को हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद मांगते हैं।

कांग्रेस का चुनावी स्टंट : मलिक

मलिक ने कहा कि कांग्र्रेस की चार पीढ़ी ने देश में राज किया है। कांग्र्रेस ने अपने कार्यकाल में ऐसा क्यों नहीं किया। यह मात्र एक चुनावी स्टंट है। जैसा कि उन्होंने राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में किया था। पंजाब में भी ऐसा ही वायदा किया गया था। तब भी घोषणा पत्र जारी करते समय डॉ. मनमोहन सिंह खड़े थे और आज भी कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करते समय खड़े हैं।

कांग्रेस क्या देशद्रोह के मामलों को बढ़ावा देना चाहती है : चीमा

अकाली दल ने इसे बेहद गंभीर मामला बताया है। अकाली दल के प्रवक्ता व पूर्व मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा का कहना है कि कांग्रेस अफस्पा की समीक्षा करने का वायदा करके क्या देशद्रोह के मामलों को बढ़ावा देना चाहती है? अगर कांग्रेस यह कहती कि वह इसके दुरुपयोग को रोकेगी तो भी बात अलग थी, लेकिन वह अफस्पा को हटाने की बात कर रही है।

कांग्रेस द्वारा 22 लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती का वायदा करने के संबंध में डाॅ. चीमा ने कहा कि पहले कांग्रेस ने पंजाब में ठगी की और अब देश में ठगी करने की तैयारी में है। पंजाब में कांग्रेस ने घर-घर रोजगार का वायदा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वह अपने वायदे से मुकर गई।

अंग्रेजों के समय का कानून, समीक्षा तो होनी चाहिए : जाखड़

कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ का कहना है कि यह कानून अंग्रेजों के समय का है। आज जरूरत है कि इसकी समीक्षा की जाए। कांग्रेस ने केंद्र में सरकार बनाने के बाद इसकी समीक्षा की बात कही है। 22 लाख नौकरियों के संबंध में जाखड़ ने कहा, पंजाब समेत देश के हरेक हिस्से में बेरोजगारी एक बहुत बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार की 22 लाख खाली पड़ी पोस्टों को भरने का वायदा किया है। युवाओं को नौकरी मिलनी चाहिए। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.