Mizoram Election 2018: महिला मतदाता ज्यादा, फिर भी मैदान में सिर्फ 15 महिला प्रत्याशी
Mizoram assembly election, मिजोरम में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा होने के बावजूद केवल 15 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में। 28 नवंबर को मतदान।
आइजोल, एजेंसी। मिजोरम विधानसभा चुनाव में इस बार पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। इसके बावजूद चुनाव में इस बार 200 से ज्यादा प्रत्याशियों में सिर्फ 15 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा छह महिला उम्मीदवार भाजपा ने उतारी हैं। वहीं, जोराम थार नामक प्रचारक राजनीतिक पार्टी ने पांच महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है।
निवर्तमान सरकार की मंत्री वी. चवंथू कांग्रेस के टिकट पर लड़ रही हैं, जबकि जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) ने दो तथा एनसीपी ने एक महिला को टिकट दिया है। मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने किसी महिला को उम्मीदवार नहीं बनाया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जेवी हलुना ने बताया कि मिजो महिलाएं पारंपरिक तौर पर राजनीति में रुचि नहीं रखती हैं, लेकिन अब वे सामाजिक गतिवधियों में भाग ले रही हैं और सभी दलों को ज्ञापन देकर महिला उम्मीदवार उतारने की मांग कर रही हैं।
एमएनएफ अध्यक्ष जोरामथंगा ने कहा, 'हमने 1987 में महिलाओं को टिकट दिया था और महिला को मंत्री भी बनाया था, लेकिन उसके बाद हमारी महिला शाखा में कोई योग्य प्रत्याशी नहीं है। मालूम हो कि 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए 201 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मिजोरम में 28 नवंबर को मतदान होना है। राज्य में कुल 7,68,181 मतदाता हैं। जिनमें 3,74,496 पुरुष और 3,93,685 महिला हैं।