मेघालय में मियां-बीबी सरकार ने विकास की उपेक्षा की : राजनाथ
राजनाथ ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से केंद्र ने राज्य के लिए कोष का आवंटन बढ़ा दिया।
सोंगसाक (मेघालय), प्रेट्र। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मेघालय में कांग्रेस की 'बुरा बुरी' लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने में विफल रही है। सोमवार को कांग्रेस के गढ़ गारो हिल्स में रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्री मुकुल सांगमा और उनकी पत्नी एवं मंत्री पर 'मियां-बीबी' सरकार कहकर निशाना साधा। उन्होंने जिले में दो रैलियों को संबोधित किया। राज्य में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने जा रहा है।
राजनाथ ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से केंद्र ने राज्य के लिए कोष का आवंटन बढ़ा दिया। लेकिन राज्य अभी तक विकास से दूर है। पूर्वोत्तर के राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने की पुरजोर वकालत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी अगर सत्ता में आई तो मेघालय को पूर्व का स्कॉटलैंड बनाएगी। इस राज्य के पास पर्यटन में असीम संभावनाएं हैं।
पूर्वी गारो हिल्स के सोंगसाक और पश्चिमी गारो हिल्स के तुरा की रैली में राजनाथ ने कहा कि यह कितना दुखद है कि राज्य के लोगों को इलाज के बांग्लादेश जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पूरे राज्य में चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा, 'मुझे बताया गया है कि यहां के रोगियों को इलाज के लिए चारपाई पर बांग्लादेश ले जाया जाता है। यह अत्यंत दुखद है।'
राजनाथ ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य बीमा योजना की घोषणा की है। इससे लोगों को पांच लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है तो शिलांग अस्पताल को अनुसंधान संस्थान में बदलेगी और राज्य में कैंसर अस्पताल खोला जाएगा।