देर रात जारी हुआ आंकड़ा, दिल्ली MCD में हुआ 53.6 फीसद मतदान
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने बताया कि ईवीएम के जरिये मतदान में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई।
नई दिल्ली (जेएनएन)। तीनों नगर निगमों के लिए रविवार को हुए चुनाव में 53.6 फीसद मतदान हुआ। कुल 272 में से 270 वार्डों के मतदान का यह आंकड़ा राज्य निर्वाचन आयोग ने रात 10.45 पर जारी किया।
वर्ष 2012 के नगर निगम चुनाव में 53.4 फीसद मतदान हुआ था। इस बार भी शुरुआत में मतदान फीसद काफी कम रहा, लेकिन समय बीतने के साथ धीरे-धीरे लोग आते गए और मतदान प्रतिशत बढ़ता गया।
बता दें कि दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। कई जगहों पर ईवीएम में खराबी की भी शिकायतें सामने आईं। इस बीच, मतदान के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर चुनाव आयोग पर सवाल भी उठाए। अब सभी की नजरें बुधवार को आने वाले नतीजों पर हैं।
यह भी पढ़ेंः मनोज तिवारी का केजरीवाल पर हमला- उनकी 56 ईंच की जीभ जो चाहे बोलें
दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 104 व 103 वार्डो और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 63 वार्डो के लिए सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के एक-एक वार्ड में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की आकस्मिक मौत की वजह से मतदान स्थगित कर दिया गया है, इसलिए रविवार को 272 में से 270 वार्डो के लिए ही मतदान हुआ।
सुबह के दौरान गर्मी का रुख नरम होने के बावजूद मतदाताओं में बहुत उत्साह देखने को नहीं मिला। यही वजह रही कि 10 बजे तक पहले दो घंटे में महज 10.03 फीसद मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे तक मतदान 22.90 फीसद, दोपहर दो बजे तक 34.97 फीसद और शाम चार बजे तक कुल 45.11 फीसद दर्ज किया गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने बताया कि ईवीएम के जरिये मतदान में कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई। मॉक पोल के दौरान ही 50 मशीनों में छोटी-मोटी खामियां पाए जाने पर बदल दी गई थीं। बाद में भी 13,138 मतदान केंद्रों में से केवल 18 पर ही थोड़ी बहुत परेशानी हुई, जिसे तत्काल दूर कर दिया गया।