विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Maharashtra: मुंबई के पराग शाह सबसे अमीर उम्मीदवार, 100 करोड़ से अधिक संपत्ति में ये प्रत्याशी भी शामिल

Published: Sat, 09 Nov 2024 06:30 AM (IST)

एक नेता अपने भाषणों और सार्वजनिक हित में किए गए कामों से प्रसिद्ध होता है। लेकिन भाजपा के उम्मीदवार अपनी ...और पढ़ें

100 करोड़ से अधिक संपत्ति में ये प्रत्याशी भी शामिल
100 करोड़ से अधिक संपत्ति में ये प्रत्याशी भी शामिल

जागरण डेस्क, मुंबई। एक नेता अपने भाषणों और सार्वजनिक हित में किए गए कामों से प्रसिद्ध होता है। लेकिन भाजपा के उम्मीदवार अपनी संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने पराग शाह को घाटकोपर ईस्ट विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। पराग शाह अपनी संपत्ति की वजह से चर्चा का विषय बन गए हैं। हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 3,383.06 करोड़ रुपये बताई है। पिछले पांच साल में उनकी संपत्ति 575 फीसदी बढ़ी है।

100 करोड़ की संपत्ति लीग में अबू आजमी

2019 विधानसभा चुनाव के दौरान पराग ने अपनी कुल संपत्ति 550.62 करोड़ रुपये बताई थी। पराग पर 54.14 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज भी है। मौजूदा भाजपा विधायक पराग शाह रियल एस्टेट के बिजनेस से जुड़े हैं। उनकी कंपनी कई राज्यों में रियल एस्टेट का काम करती है।

लेकिन मुंबई सभी प्रत्याशी कहीं पीछे हैं। 100 करोड़ की संपत्ति लीग में अबू आजमी (272 करोड़ रुपये), मंगल प्रभात लोढ़ा (140 करोड़ रुपये) और प्रताप सरनाईक (133 करोड़ रुपये) भी शामिल हैं। मुंबई महानगर क्षेत्र के 10 सबसे अमीर विधायकों में से पांच भाजपा से, दो कांग्रेस से और एक-एक समाजवादी पार्टी, शिवसेना और बहुजन विकास अघाड़ी से हैं।

हितेंद्र ठाकुर, असलम शेख और अमीन पटेल जैसे कुछ अन्य प्रत्याशी 100 करोड़ रुपये से अधिक की इस लीग में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने 50 करोड़ रुपये से अधिक की शुद्ध संपत्ति का दावा किया है। सबसे कम संपत्ति वाले 10 में से चार भाजपा से, तीन शिवसेना-यूबीटी से, दो शिवसेना (शिंदे) से और एक एनसीपी (एसपी) से हैं।

आदित्य ठाकरे कितनी संपत्ति के मालिक?

वर्ली विधानसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) के प्रत्याशी और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे ने 23.43 करोड़ रुपये अपनी कुल संपत्ति घोषित की है। कल्याण ग्रामीण से शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार सुभाष भोईर के पास 95.51 करोड़ रुपये की संपत्ति है। आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कुल 7,995 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। 20 नवंबर को सभी सीटों पर मतदान होगा। तीन दिन बाद यानी 23 नवंबर को मतगणना होगी।

एमवीए से महायुति का मुकाबला

2014 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 122 सीटों पर चुनाव जीता था। वहीं 2019 में पार्टी को 105 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार पार्टी महायुति गठबंधन के तहत चुनाव में उतरी है। इस गठबंधन में भाजपा के अलावा शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और अजित पवार की एनसीपी शामिल है। महायुति का मुकाबला विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी से है। इसमें शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (शरद पवार) शामिल है।