शिरोल विधानसभा क्षेत्र महाराष्ट्र के 288 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह विधानसभा सीट कोल्हापुर जिले के अंतर्गत आती है और इस जिले में दस विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में शिरोल तहसील के सभी क्षेत्र आते हैं। यह संसदीय क्षेत्र हाटकांगल का हिस्सा है। शिरोल प्रदेश की राजनीति में ही नहीं बल्कि इतिहास के पन्नों में भी अहम स्थान रखता है। इसके शिरोल नाम रखने की खास कहानी है और यह शब्द बना है सिर और ऑल पंक्ति से। कहा जाता है कि शिवाजी और मुगल के बीच जब युद्ध हुआ था तो उस युद्ध में मुगलों को हराया गया था और क्रूर मुगल सैनिकों के सिर शहर के मुख्य द्वार पर लटका दिए गए थे। इसलिए इन सिरों की वजह से इस जगह का नाम शिरोल रखा गया है। अगर राजनीति के आधार पर बात करें तो यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है, लेकिन 2014 चुनाव में शिवसेना के प्रत्याशी उलहास सांभाजी पाटिल ने एनसीपी के राजेंद्र शामगोंडा को हराकर यहां सेंधमारी की थी। इससे पहले 1962 से 1980 तक कांग्रेस, 1980 में पीडब्ल्यूपी, 1999 तक फिर कांग्रेस, फिर एक बार निर्दलीय और फिर दो बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की। हालांकि 2014 में कांग्रेस अपनी इस विधानसभा सीट को नहीं बचा पाई।