चिपलून विधानसभा क्षेत्र महाराष्ट्र के 288 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। यह विधानसभा सीट रत्नागिरी जिले के अंतर्गत आती है और यह क्षेत्र रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा क्षेत्र में है। 2009 और 2014 में यहां से सदानंद चौहान विधायक चुने गए। वह शिवसेना के टिकट पर चुनाव जीते हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक यहां 2014 में 122113 पुरुष मतदाता, 127575 महिला मतदाता और 249688 कुल मतदाता थे। भौगोलिक रूप से देखें तो यह शहर मुंबई-गोवा हाईवे पर स्थित है। वहीं यह इलाका महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में मुंबई से लगभग 320 किलोमीटर दक्षिण में है। चिपलून नाम का अर्थ है, भगवान परशुराम का निवास यानी यहां कभी भगवान परशुराम रहा करते थे। यहां भगवान परशुराम का बेहद खूबसूरत मंदिर और शिवाजी का म्यूजियम भी है।