थरूर का बयान भगवान शिव व हिन्दू समाज का अपमान, राहुल उन्हें बर्खास्त करें : संबित पात्रा
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे छद्म हिन्दुत्व करते हैं। शर्ट के ऊपर जनेऊ पहनते हैं।
इंदौर। भाजपा ने शशि थरूर के शिवलिंग और बिच्छू वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उज्जैन में महाकाल के दरबार में पहुंच रहे हैं, वहीं उनकी पार्टी के नेता ऐसे बयान दे रहे हैं। संबित पात्रा ने कहा कि थरूर ऐसा बयान देकर भगवान शिव और हिन्दू समाज का अपमान किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी अपमान किया है। राहुल गांधी उन्हें तुरंत बर्खास्त करें।
गौरतलब है कि थरूर ने मोदी को शिवलिंग पर बैठा बिच्छू बताया था जिसे हटाया नहीं जा सकता और ना ही चप्पल से मारा जा सकता है। संबित पात्रा ने कहा कि ये बेहद आपत्तिजनक बयान है। शशि थरूर का बयान क्या हिंदुस्तान की धार्मिक भावनाओं का अपमान नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुलजी आप महाकाल जाए और उनके सामने क्षमा याचना करें।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे छद्म हिन्दुत्व करते हैं। शर्ट के ऊपर जनेऊ पहनते हैं। साल 2008 में उन्होंने कहा था हमें लश्कर-ए-तैयबा से नहीं बल्कि हिन्दुओं से खतरा है। सोनिया गांधी कहती थी भगवान राम काल्पनिक है और आज वे यहां आकर मध्यप्रदेश की जनता के आंखों में धूल झोंक रहे है। उन्होंने कहा कि राहुलजी आप शशि थरूर को बर्खास्त करेंगे.. क्या आप मानसरोवर से कोई संस्कार लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि थरूर शिवलिंग का अपमान कर रहे हैं, उन्हें बर्खास्त करो नहीं तो बहुत पाप लगेगा। उन्होंने कहा कि राहुलजी आप अपना गोत्र भी बताएं।