मध्यप्रदेश में भाजपा की आपत्ति खारिज, जारी रहेगा 'गुस्सा आता है' कैम्पेन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव की अध्यक्षता वाली समिति के सामने मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा के पक्ष को सुना गया।
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस का प्रचार अभियान 'गुस्सा आता है' जारी रहेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव की अध्यक्षता वाली मीडिया निगरानी एवं प्रमाणीकरण समिति ने भाजपा की आपत्ति को खारिज कर दिया है। कांग्रेस और भाजपा का पक्ष सुनने के बाद मंगलवार को यह फैसला सुनाया गया। वहीं, एक अन्य अभियान 'मामा तो गयो' को भी अनुमति दे दी गई।
प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव अभियान के तहत 'गुस्सा आता है' शीर्षक से प्रचार अभियान चलाया है। इसमें किसान, व्यापारी, महिला और मजदूर को विभिन्न् वजहों से व्यवस्था के प्रति गुस्सा जाहिर करते हुए दिखाया गया है। इसको लेकर भाजपा के शांतिलाल लोढ़ा ने चुनाव आयोग में आपत्ति जताई थी।
इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव की अध्यक्षता वाली समिति के सामने मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा के पक्ष को सुना गया। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने भाजपा की आपत्ति पर कहा कि इससे किस तरह धैर्य टूटेगा, यह समझ से परे है।
वहीं, भाजपा की ओर से लिखित में जो आपत्ति दर्ज कराई थी, उसमें कहा गया कि गुस्सेवाली किसान संबंधी वीडियो से आक्रोश की स्थिति पैदा होकर व्यापक प्रभाव हो सकता है। गुस्सा इस तरह दिखाया है, जिससे लोग प्रशासन के खिलाफ हिंसक हो जाएंगे और उनके बगावत करने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। मतदान पर भी इसका असर पड़ सकता है। किसानों में यह भाव भी पैदा हो रहा है कि हमें क्या करना, हम मतदान नहीं करेंगे।
इसी तरह व्यापारियों वाले वीडियो में कोई तथ्यात्मक विवरण न देकर सिर्फ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। इससे यह भाव पैदा हो रहा है कि हमें क्या करना कोई भी राज करे, इससे निष्क्रियता आएगी और मतदान नहीं करेंगे। दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीईओ की कमेटी ने 'गुस्सा आता है' अभियान को लेकर भाजपा की आपत्तियों को खारिज कर दिया।
कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया कि 'मामा तो गयो' अभियान को भी समिति ने मंजूरी दे दी है। इसको लेकर कोई शिकायत नहीं थी पर अनुमति भी नहीं मिली थी। कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने कहा कि इसमें किसी व्यक्ति विशेष को अपमानित करने जैसी कोई बात नहीं है। अब इस अभियान को जोर-शोर से चलाया जाएगा।