मप्र में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पद्मा शुक्ला भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल
पद्मा शुक्ला ने कहा, मैं गांधारी बनकर कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं देख सकती। मंत्री संजय पाठक बदले की भावना से काम करते हैं।
भोपाल/छिंदवाड़ा, नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। मध्य प्रदेश में कार्यकर्ता महाकुंभ से पहले भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। मंत्री संजय पाठक पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप मढ़कर कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पद्मा शुक्ला भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। छिंदवाड़ा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। शुक्ला ने कहा, 'मैं गांधारी बनकर कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं देख सकती। मंत्री संजय पाठक बदले की भावना से काम करते हैं। इसी कारण मैंने पार्टी छोड़ दी है।"
भाजपा पर उपेक्षा और प्रताड़ना का आरोप
इससे पहले शुक्ला ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को चिठ्ठी लिखकर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि विजयराघौगढ़ क्षेत्र में 2014 के उपचुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर पार्टी से इस्तीफा दे रही हूं। शुक्ला मप्र समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष भी थीं, उन्होंने इस पद से भी इस्तीफा मुख्यमंत्री को अलग से भेजा है।
कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं देख सकी
छिंदवाड़ा में पद्मा शुक्ला के साथ 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस की सदस्यता लेने के दौरान पद्मा ने कहा कि समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के तौर पर मुझे कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला था, लेकिन पार्टी में कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं देख सकी।
विजयराघौगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस को फायदा
2014 के उपचुनाव में हमने ही संजय पाठक को जीत दिलवाई थी। भाजपा में कार्यकर्ताओं की सुनने वाला कोई नहीं बचा, इसलिए कांग्रेस ज्वाइन कर रही हूं। उन्होंने कहा कि मैं किसी पद या टिकट के लालच में नहीं, बल्कि स्वेच्छा से पार्टी में शामिल हो रही हूं। कमलनाथ ने कहा कि शुक्ला को टिकट देने पर पार्टी में चर्चा होगी। पद्मा शुक्ला के कांग्रेस में शामिल होने से विजयराघौगढ़ क्षेत्र में कांग्रेस को फायदा मिलेगा।
छिंदवाड़ा में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पद्मा शुक्ला ने बताया कि 2013 में संजय पाठक कांग्रेस से सिर्फ 900 वोट से जीते थे। भाजपा में शामिल होने के बाद 2014 में उन्हें हम नेताओं ने मिलकर 52 हजार वोट से जिताया, लेकिन जीतने के बाद वह बदले की भावना से काम करते रहे। मैं समय-समय पर इसे लेकर नाराजगी भी जाहिर करती रही हूं।
खरीद-फरोख्त का उदाहरण हैं शुक्ला का जाना
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने कहा कि पद्मा शुक्ला बहुत दिनों से कांगे्रस के संपर्क में हैं। भाजपा ने शुक्ला को संगठन से लेकर सरकार में कई पदों पर नवाजा था। कांग्रेस जिस तरह से खरीद फरोख्त का काम कर रही है, यह उसका उदाहरण है। कटनी में भाजपा कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से काम कर रहे हैं। महाकुंभ के लिए कांग्रेस का यह पब्लिसिटी स्टंट है।
उईके को लेकर लगती रहीं अटकलें
कमलनाथ के छिंदवाड़ा मॉडल की सार्वजनिक रूप से तारीफ करने के बाद पूर्व सांसद अनुसुईया उईके की भी कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें सोमवार को लगती रहीं। हालांकि, उईके ने इससे इन्कार करते हुए कहा कि कांग्रेस मेरे नाम से ओछी राजनीति कर रही है। मैं स्वप्न में भी भाजपा छोड़ने की बात नहीं सोच सकती हूं। जो लोग गलत बातें कर रहे हैं, उनके खिलाफ मानहानि का केस करूंगी।