MP Election Results 2018 : बहुमत से 8 सीट दूर भाजपा, फिर भी कर रही सरकार बनाने का दावा
MP Election Result 2018 : मध्यप्रदेश में पूर्ण बहुमत ना होने की स्थिति में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही सरकार बनाने की कोशिशों में जुट गई हैं। भाजपा ने भी सरकार बनाने का दावा कर दिया है।
भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों को पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका है। कांग्रेस पूर्ण बहुमत हासिल करने से महज 2 सीट दूर है वहीं भाजपा को सत्ता में वापस लौटने के लिए 8 सीटों की जरुरत है। कांग्रेस को बसपा ने समर्थन देने की बात कही है, ऐसे में फिलहाल जो तस्वीर नजर आ रही है उसमें मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती दिखाई दे रही है। लेकिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने देर रात ट्वीट कर सरकार बनाने का दावा ठोककर एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है।
मतगणना पूर्ण होने के बाद देर रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा है कि 'प्रदेश में कांग्रेस को जनादेश नहीं है, कई निर्दलीय और अन्य भाजपा के संपर्क में हैं। कल राज्यपाल महोदया से मिलेंगे'
भाजपा के साथ ही कांग्रेस ने भी सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है, राज्यपाल से मिलने के साथ ही ज्यादा से ज्यादा निर्दलीय और अन्य को भी पार्टी अपने पक्ष में करने में लगी है।
प्रदेश में कांग्रेस को जनादेश नहीं है ।
कई निर्दलीय और अन्य भाजपा के संपर्क में हैं।
कल राज्यपाल महोदया से मिलेंगे।— Rakesh Singh (@MPRakeshSingh) December 11, 2018
बता दें कि 5 निर्दलीय जो विधायक चुनकर आए हैं, उनमें से चार कांग्रेस के बागी हैं ऐसे में कांग्रेस मैनेजमेंट भी रुठों को मनाने में जुट गया है।