विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MP Election 2023: टिकट वितरण से उपजे विरोध से कांग्रेस चिंतित, भाजपा के खेमे भी दिख रहा असंतोष

By Paras PandeyEdited By: Paras Pandey
Published: Mon, 23 Oct 2023 12:02 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दो बार में कांग्रेस के 229 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। 15 अक्टूबर ...और पढ़ें

टिकट वितरण से उपजे विरोध से कांग्रेस चिंतित
टिकट वितरण से उपजे विरोध से कांग्रेस चिंतित

राज्य ब्यरो, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दो बार में कांग्रेस के 229 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। 15 अक्टूबर को पहली सूची जारी होने के बाद से ही टिकट वितरण को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। सेवढ़ा, जावरा, मलहरा, डॅा.आंबेडकर नगर (महू), खरगापुर, निवाड़ी, सोहागपुर, शुजालपुर, गोविंदपुरा, बैरसिया सहित अन्य सीटों के प्रत्याशियों को लेकर जमकर विरोध हो रहा है। खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में तो स्थानीय कार्यकर्ता भाजपा से आए दीपक जोशी का जगह-जगह विरोध कर रहे हैं। जावरा में शुक्रवार से ही प्रदर्शन चल रहा है। विरोध से चिंतित कांग्रेस ने स्थिति संभालने के लिए वरिष्ठ नेताओं को मैदान में उतारा है हालांकि कार्यकर्ता प्रत्याशी बदलने से कम पर मानने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।

बता दें, प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया था कि प्रत्याशी चयन को लेकर स्थानीय इकाइयों से फीडबैक लेने के बाद सबसे परामर्श किया गया है लेकिन असंतोष के स्वर जिस तरह तेज हुए, उसकी कल्पना पार्टी पदाधिकारियों को नहीं थी। रविवार को भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र से रविंद्र साहू को प्रत्याशी बनाने के विरोध में दीप्ति सिंह के समर्थकों ने धरना दिया।

जावरा से हिम्मत श्रीमाल को टिकट देने के विरोध में डीपी धाकड़ के कई दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। खरगापुर में अजय यादव ने न्याय यात्रा निकाल दी तो मुरैना से विधायक राकेश मावई स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस के लिए काम नहीं करेंगे। स्थिति को संभालने के लिए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला स्वयं कार्यकर्ताओं से बात कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के फोन के बावजूद महू में अंतरसिंह दरबार ने शक्ति प्रदर्शन किया।

भाजपा में भी कई स्थानों पर प्रत्याशियों को लेकर विरोध सामने आ रहा है। ग्वालियर में मुन्नालाल गोयल पूर्व मंत्री माया सिंह को टिकट दिए जाने का विरोध कर रहे हैं। जबलपुर उत्तर-मध्य सीट से अभिलाष पांडे को प्रत्याशी बनाने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ ही धक्का-मुक्की कर दी। भिंड विधानसभा सीट पर टिकट नहीं मिलने पर विधायक संजीव सिंह कुशवाह के समर्थकों ने बड़े नेताओं का पुतला फूंका। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद स्व. नंदकुमार सिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान भी नाराज हैं। रविवार को उन्होंने बुरहानपुर में शक्ति प्रदर्शन किया। सिंगरौली सीट से रामलल्लू वैश्य का टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों में रोष है।