MP Chunav 2018: राहुल पहले पंजाब के किसानों का कर्ज माफ कराएं, फिर मप्र की बात करें - योगी
MP Chunav 2018 योगी आदित्यनाथ ने कहा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जनेऊ पहनकर दिखावा कर रहे हैं, लेकिन हम हिंदुत्ववादी लोग दिखावा नहीं करते।
सागर, नईदुनिया प्रतिनिधि। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को खुरई में चुनावी सभा में कांग्रेस नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में मध्य प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करने का उल्लेख किया है। पंजाब में कांग्रेस की सरकार है, वहां के किसानों के कर्ज माफ क्यों नहीं किए? राहुल गांधी व उनकी पार्टी के नेताओं को झूठ बोलने की आदत हो गई है। मप्र में चुनाव के समय किसानों को गुमराह किया जा रहा है।
योगी आदित्यनाथ शनिवार को खुरई में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जनेऊ पहनकर दिखावा कर रहे हैं, लेकिन हम हिंदुत्ववादी लोग दिखावा नहीं करते। यह हमारी वैचारिक हिंदुत्व की विजय है। उन्होंने मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा शासन में मध्य प्रदेश से नक्सलवाद और डकैती की समस्या समाप्त हो गई है।
बजरंगबली यहां आ सकते हैं, कांग्रेस के पास नहीं जा सकते
सभा स्थल पर एक कार्यकर्ता हनुमान के भेष में आया था। मुख्यमंत्री योगी ने उसकी ओर इशारा करते कहा बजरंग बली स्वाभाविक रूप से यहीं आ सकते हैं। कांग्रेस के पास नहीं जा सकते। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का बयान भी आ गया है, उन्हें बजरंग बली नहीं चाहिए, अली चाहिए क्योंकि बजरंगबली का एक ही संकल्प था, रामकाज कीन्हे बिनु मोहि कहां विश्राम।
कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, देश में 55 साल तक केंद्र में सरकार रही। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था। देश से गरीबी तो नहीं हटी कांग्रेस के नेताओं की गरीबी जरूर दूर हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी बिना भेदभाव किए गरीबी दूर कर रहे हैं गरीबों को पक्के मकान बनाकर दे रहे हैं। देश के 52 लाख परिवारों को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन, उज्ज्वला योजना से गरीबों के घर रोशन किए। ये काम कांग्रेस के नेताओं को अच्छे नहीं लग रहे हैं इसलिए वे हमारी पार्टी के नेताओं के प्रति अनर्गल बातें करने लगे हैं।