MP Chunav 2018: प्रदेश में सरकार भाजपा की ही बनेगी- सुमित्रा महाजन
Madhya Pradesh Chunav 2018: सरकारी नीतियों से जुड़े सवाल पर सुमित्रा महाजन ने कहा कि किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए भावांतर योजना लाई गई।
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता के लिए काफी काम किए हैं। जनता में उनकी छवि अच्छी है, इसलिए प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। यह बात लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मीडिया से बातचीत में कही।
सरकारी नीतियों से जुड़े सवाल पर सुमित्रा महाजन ने कहा कि किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए भावांतर योजना लाई गई। इस योजना में यदि व्यापारियों ने कुछ गड़बड़ी की तो उसका जिम्मेदार भी सरकार को माना जाता है। इसी तरह शासन की नीतियों के नीचे तक पहुंचने में होने वाली देरी से कुछ लोग नाराज हैं तो इसके लिए भी सरकारी ढर्रे पर एक तरह से काम कर रहे लोग जिम्मेदार हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए।
उनसे पूछा गया कि प्रदेश में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी तो उन्होंने कहा कि मैं ये नहीं कहती कि इस बार 200 पार सीटें होगी या पिछली बार का रिकॉर्ड टूटेगा, लेकिन प्रदेश में सरकार भाजपा की ही बनेगी। पिछले चुनाव की अपेक्षा यदि विपक्ष भी पांच-छह सीटें ज्यादा लाता है तो उससे वह भी मजबूत होगा। इसमें कोई बुराई भी नहीं है।