MP Election 2018 : शिवपुरी में मतगणना स्थल के बाहर छात्र-छात्राओं का हंगामा
MP Election 2018 : शिवपुरी के साइंस कॉलेज को इस बार मतगणना केन्द्र बनाया गया है। यहीं से चुनावकर्मी ड्यूटी पर गए हैं।
शिवपुरी। शहर के साइंस कॉलेज में सोमवार को प्राइवेट फार्म भरने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने खासा हंगामा मचाया और नारेबाजी की। मतगणना होने और फार्म और अन्य काम को पॉलीटेक्निक कॉलेज से संचालित किए जाने के आश्वासन पर विद्यार्थी माने।
दरअसल, साइंस कॉलेज को इस बार मतगणना केन्द्र बनाया गया है। यहीं से चुनावकर्मी ड्यूटी पर गए है। अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में ईवीएम भी कॉलेज में रखी हैं। इस कारण छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे हैं और पढ़ाई कई दिनों से ठप है।
सोमवार को प्राइवेट फार्म भरने के लिए विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे तो उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। उन्होंने इस बात को लेकर जमकर नारेबाजी की। हंगामा होते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला, लेकिन जब पूरा माजरा पुलिस की समझ में आया तो मौके पर कॉलेज प्रबंधन को बुलाया गया। जिसने छात्र-छात्राओं की परेशानी समझते हुए प्रशासन से इस संबंध में उचित दिशा निर्देश मांगे, तब जाकर हंगामा शांत हुआ।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में 11 तक जमा होंगे फार्म
कॉलेज प्रबंधन ने जब समस्या से जिला प्रशासन को अवगत कराया तो प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य से बात की। यह निष्कर्ष निकाला कि साइंस कॉलेज में मतगणना 11 दिसंबर को होनी है। इसके बाद कॉलेज खाली हो जाएगा, तब तक फार्म जमा करने से लेकर अन्य कार्य को पॉलिटेक्निक कॉलेज में संचालित किया जाए। विद्यार्थियों को अब पॉलिटेक्निक कॉलेज जाकर फार्म भरना होंगे।
पॉलिटेक्निक कॉलेज के कक्ष क्रमांक 8 में साइंस कालेज में लगने वाली कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी, जबकि कार्यालय से संबंधित कामकाज कक्ष क्रमांक 1 में संचालित किया जाएगा। यह आदेश पीजी कॉलेज के प्राचार्य द्वारा छात्रों को जारी किया गया है, साथ ही नोटिस भी चस्पा किया गया है।
सुरक्षा घेरे में हैं ईवीएम, इसलिए नहीं दिया जा रहा प्रवेश
मतगणना स्थल में ईवीएम सुरक्षा घेरे में हैं और यहां बाहरी और आंतरिक सुरक्षा का काम सशस्त्र सुरक्षा बल के जिम्मे हैं। ऐसे में यहां किसी भी तरह का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित है। यहां आए छात्रों को कॉलेज के बाहर की रोक दिया गया, इसके चलते छात्रों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों का कहना है कि जो नोटिस चस्पा किया गया है, उसे पहले चस्पा किया जाना था। जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
कॉलेज प्रबंधन ने कलेक्टर से किया था अनुरोध
छात्र-छात्राओं की समस्या और इसको लेकर हुए हंगामे के बाद कॉलेज प्रबंधन ने कलेक्टर शिल्पा गुप्ता से बात की तो उसके बाद उन्होंने सीईओ जिला पंचायत राजेश जैन को निर्देशित किया। सीईओ ने कॉलेज प्रबंधन को बताया कि 3 से 11 दिसंबर तक कक्षाओं का संचालन व अन्य गतिविधियों का संचालन पॉलिटेक्निक कॉलेज से किया जाएगा, जिसके बाद यह नोटिस चस्पा किया गया।