MP Election 2018 : कोई भी राजनैतिक दल परिपूर्ण नहीं, अन्य दलों के मुकाबले हम बेहतर: राजनाथ
MP Election 2018 : केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय राजनीति में अविश्वास पैदा होने का जिम्मेदार कांग्रेस को ठहराया है।
भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मप्र में एक दर्जन से ज्यादा सभाएं कर रहे हैं। बुधवार को राजधानी में पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने भारतीय राजनीति पर कई गंभीर टिप्पणियां की है।
उन्होंने कहा कि कोई भी राजनैतिक दल परिपूर्ण नहीं होता, कमियां सभी दलों में है। भाजपा में भी कुछ कमियां हैं। तुलनात्मक रूप से भाजपा अन्य दलों से बेहतर है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में जो अविश्वास पैदा हुआ है, उसकी वजह कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है।
अच्छे दिन हैं
कथनी-करनी में अंतर के बयान के बाद जब उनसे अच्छे दिन के नारे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देश में इस समय अच्छे दिन हैं और यह व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह इसे किस रूप में लेता है।
राम मंदिर कानून पर बोले- प्रतीक्षा कीजिए
राम मंदिर को लेकर कानून लाने के संभावना के सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा कि हम सब चाहते हैं कि राम मंदिर बने। इस पर प्रतीक्षा कीजिए। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को राम मंदिर बनने पर खुशी होगी।
राफेल अब रा-फैल
राफेल पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर कहा कि राफेल पर राहुल फैल हो गए हैं। राफेल बनाने वाली कंपनी ने भी इस पर स्पष्टीकरण दे दिया है। उन्होंने कहा कि राफेल डील में कई ऑफसेट पार्टनर हैं और उन्हें कुल 30 हजार करोड़ रुपए का ठेका दिया गया है तो एक ही कंपनी को 30 हजार करोड़ रुपए कैसे मिल सकते हैं।
कर्ज माफी के वादे पर चुप्पी
मप्र में 2008 के घोषणा पत्र में भाजपा द्वारा किसानों को कर्ज माफी के वादे के सवाल पर राजनाथ सिंह ने चुप्पी साध ली। उनसे पूछा गया था कि क्या कर्ज माफी का वादा भाजपा की गलती थी। इस पर उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए जितने काम किए हैं, उतने देश में कहीं नहीं हुए। वहीं प्रधानमंत्री द्वारा नोटबंदी को जहरीली दवा कहने पर उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यह जरूरी था।