MP Election 2018 : राजगढ़ जिले में पथराव में कोटवार का सिर फटा, आरक्षक को डंडे मारे
MP Election 2018 : नरसिंहगढ़ विस क्षेत्र के हरलाय गांव के मतदान केंद्र पर हुआ विवाद। केंद्र पर आने से रोकने पर कार्यकर्ताओं ने किया हमला।
राजगढ़। नरसिंहगढ़ विस क्षेत्र के ग्राम हरलाय में मतदान केंद्र पर एक प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। जिससे कोटवार का सिर फट गया, वहीं एक आरक्षक को डंडे मारे।
जानकारी के अनुसार मतदान केंद्र पर एक प्रत्याशी के कार्यकर्ता बार-बार अंदर बाहर हो रहे थे। वहां तैनात कोटवार अशोक शर्मा और आरक्षक अब्दुल ने उन्हें 100 मीटर के दायरे में आने से मना किया तो उनमें विवाद हो गया। कहासुनी के बीच कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। जिससे कोटवार अशोक शर्मा का सिर फट गया।
वहीं कार्यकर्ताओं ने आरक्षक अब्दुल के पैरों में डंडे मारे। पथराव में पुलिस के सेक्टर वाहन के कांच फूट गए। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मौके से भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष
राजेंद्र व्यास व आनंद मोहन व्यास को हिरासत में लिया, लेकिन उन दोनों का कहना था कि पथराव किसी और ने किया है, उन्हें जबरिया फंसाया जा रहा है।
इनका कहना है
वोटरों को अंदर बाहर लाने-ले जाने व आने-जाने को लेकर कुछ लोगों को रोका गया तो उन्होंने पथराव कर दिया। जिसमें कोटवार के सिर में चोटें आई हैं। आरक्षक के पैरों में डंडे मारे हैं।
-एनएस बैंस, एसडीओपी नरसिंहगढ़