MP Election 2018: कांग्रेस मुद्दाविहीन, मेरे माता-पिता को भी राजनीति में घसीट रहे: मोदी
MP Election 2018 :मोदी ने राहुल गांधी का नाम लेने की बजाय उन्हें नामदार के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी नामदार करवा रहे हैं।
विदिशा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विदिशा में चुनावी सभा में कहा कि इस चुनाव में अब कांग्रेसियों का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। वे मुद्दों की बजाय मेरे माता-पिता को चुनाव में घसीट रहे हैं। दो दिन पहले मेरी मां को निशाना बनाया। वहीं रविवार को मेरे पिता के बारे में सोशल मीडिया पर लिखा गया। जबकि मेरे माता-पिता का राजनीति से कभी कोई वास्ता नहीं रहा है।
नई मंडी में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में मोदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा का उत्साह बढ़ते जा रहा है। वहीं कांग्रेस का उत्साह ठंडा पड़ता जा रहा है। अब कांग्रेस को खुद पर भरोसा नहीं रहा। इसलिए उनके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। मोदी ने राहुल गांधी का नाम लेने की बजाय उन्हें नामदार के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी नामदार करवा रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास मुद्दे और तर्क नहीं बचे हैं। इसलिए अनर्गल आरोप लगाने पर उतर आए हैं।
हिसाब देने और मांगने आया हूं
मोदी ने कहा कि विदिशा ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है। इसलिए वे यहां हिसाब देने और कांग्रेस से हिसाब मांगने आए हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के आंकड़ों को गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने काफी कम समय में कांग्रेस से कई गुना विकास किया है। कांग्रेस को पिछले 55 वर्षों का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के सामने कोई चुनौती नहीं थी। इसलिए वह चुनाव जीतती रही। लेकिन अब उत्तरप्रदेश, बिहार से लेकर बंगाल ,तमिलनाडु में कांग्रेस का नाम लेने वाला नहीं बचा है।
आडियो-वीडियो में खुल रही कांग्रेस की पोल
पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव के दौरान वायरल हो रहे वीडियो और ऑडियो में कांग्रेस की पोल खुल रही है। किसी वीडियो में कांग्रेस नेता समाज को बांटने के लिए 90 फीसदी वोटिंग कराने की बात कहते दिखते हैं तो कहीं परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा देते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि वंशवाद लोकतंत्र में जहर के समान है। जिसे फैलाने का काम कांग्रेस कर रही है।
पीएम बोले- प्रदेश के युवाओं को चोर बोल रही कांग्रेस
पीएम ने कहा कि कांग्रेसी पहले मुझे चोर कहते थे अब प्रदेश के युवाओं को भी चोर बोलने लगे हैं। कांग्रेस नेता कहते हैं कि इस प्रदेश में बिना चोरी के कोई पास नहीं होता। यह प्रदेश के युवाओं का अपमान है।
नोटबंदी से फर्जी कम्पनियों पर लगे ताले
मोदी ने कहा कि कांग्रेस नोटबंदी का रोना रोती है। नोटबंदी के कारण तीन लाख फर्जी कंपनियों पर ताले लग गए। इनमें कई बोगस कंपनियों के कर्ताधर्ता कांग्रेस के लोग थे। आज मां-बेटे भी जमानत पर घूम रहे हैं। मोदी ने कहा कि राजशाही का सपना देखने वालों को जेल जाने की नौबत आ गई। इसलिए वे झूठ फैला रहे हैं।