MP Election 2018 : कांग्रेस ने गरीबी तो हटाई नहीं, गरीबों को ही हटा दिया: अमित शाह
MP Election 2018 : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सिवनी के लखनादौन और बालाघाट में चुनावी सभाआें को संबोधित किया।
सिवनी/बालाघाट। कांग्रेस के शासनकाल में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य बन गया था। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से मप्र विकसित राज्य बन गया है। कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे लगाती है लेकिन गरीबी तो हटाई नहीं, गरीबों को हटाने का काम जरूर कांग्रेस ने किया है। गरीबी तो भाजपा सरकार ने हटाई है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को लखनादौन और बालाघाट में चुनावी सभा में कही।
राहुल बाबा को दिन में भी आते हैं सपने
लखनादौन के म्युनिसपिल ग्राउंड में शाह ने कहा कि राहुल बाबा को दिन में भी सपने आते हैं। एक बार बेंगलुरु से लौटते वक्त एयरपोर्ट में लगे टेलीविजन में राहुल बाबा की सभा देख रहा था। राहुल बाबा कह रहे थे कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। मैंने देखा कि अभी रात नहीं दिन है और दिन में ही राहुल बाबा सपने देख रहे हैं। जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं तबसे अब तक के चुनाव का इतिहास देख लो, हर जगह भाजपा की सरकार बनी है। सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनने का शौक है। ये हमसे पूछ रहे थे कि भाजपा ने मप्र के लिए क्या किया।
वीरांगना रानी दुर्गावती और अवंती बाई का बनेगा स्मारक
अमित शाह ने बालाघाट के उत्कृष्ट स्कूल में आयोजित सभा में कहा कि बालाघाट की भूमि पर वीरांगना रानी दुर्गावती और अवंती बाई का स्मारक बनेगा। इससे देश की बालिकाएं प्रेरणा लेंगी। कांग्रेस के पास न नीति है, न नेता और न सिद्धांत। राहुल गांधी हमसे साढ़े चार साल का हिसाब मांगते हैं, इनकी साढ़े चार पीढ़ियों ने क्या किया ये बताएं। बंटाढ़ार कांग्रेस की सरकार ने किया था। बिजली तक नहीं मिलती थी, शिवराज सरकार ने 24 घंटे बिजली दी है। दिग्विजय सिंह की सरकार में बीमारू राज्य था मप्र। 13 हजार करोड़ का लोन मोदी सरकार ने मप्र-छग को दिया। मनमोहन की सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ा था।