MP Election 2018 : बसपा-सपा और गोंगपा ने बिगाड़े कई सीटों के गणित
MP Election 2018 : बसपा के सवा दो लाख वोट घटे और आधी रह गईं सीटें वहीं गोंगपा प्रत्याशियों को मिले पौने सात लाख वोट।
भोपाल। प्रदेश में विधानसभा के चुनावी नतीजों से भाजपा-कांग्रेस के साथ बसपा-सपा भी भौंचक हैं। कई सीटों पर बसपा, गोंगपा और सपा प्रत्याशियों ने इतने वोट हासिल कर लिए कि उससे कम में जीत-हार का फैसला हो गया। सपा प्रत्याशी पांच सीटों पर दूसरे स्थान पर रहे।
उधर बसपा ने भी इतने वोट जुटा लिए कि करीब आधा दर्जन सीटों पर दूसरे दलों के सियासी समीकरण ध्वस्त हो गए। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशियों ने भी 6 लाख 75 हजार से ज्यादा वोट हासिल किए।
विधानसभा चुनाव में भले ही बसपा, सपा, गोंगपा ने कम मत हासिल किए हों पर कुछ सीटों पर कांग्रेस और भाजपा को उन्होंने बड़ा नुकसान पहुंचाया। कई सीटों पर उन्होंने सियासी समीकरण ही बिगाड़ दिए। प्रदेश में दस साल बाद सपा विधानसभा में एक सीट से अपना खाता खोलने में सफल रही, जबकि चुनावी नतीजे बसपा-सपा के लिए जोर का झटका देने वाले रहे। इस बार बसपा की 4 सीटें घटकर दो ही रह गईं। कई सीटों पर जीत-हार का मार्जिन इतना कम था उससे ज्यादा वोट तो सपा-बसपा और गोंगपा प्रत्याशियों को मिल गए।
बसपा के प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर का कहना है कि हमें अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। जनता का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उसके सामने हम बसपा को विकल्प के बतौर प्रस्तुत नहीं कर पाए। भाजपा ने चुनाव के पहले मंदिर और धर्मसभा का मुद्दा उठाकर धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास भी किया। राजभर बोले हम जनादेश का सम्मान करते हैं और इस हार के कारणों का मंथन करेंगे। उन्होंने बताया कि भिंड से संजीव सिंह और पथरिया में रामबाई गोविंद सिंह विजयी रहे।
ग्वालियर ग्रामीण, सतना, सबलगढ़, सुमावली, मऊगंज, सिमरिया, ग्वालियर एवं रीवा जोन में बसपा प्रत्याशियों को निर्णायक वोट मिले। बसपा को इस बार करीब सवा दो लाख वोट कम मिले। उसे कुल 19 लाख 11 हजार 642 (5 प्रतिशत) वोट मिले जो कि पिछली बार से करीब डेढ़ प्रतिशत कम है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता यश यादव का दावा है कि बिजावर में पार्टी के प्रत्याशी राजेश शुक्ला ने जीत दर्ज कराई है। इसके अलावा निवाड़ी, पृथ्वीपुर, बालाघाट और गुढ़ सीट पर सपा प्रत्याशी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे। उन्होंने कांटे की टक्कर दी । परसवाड़ा में कंकर मुंजारे और बालाघाट में अनुभा मुंजारे इन्हें क्रमश: 47 हजार 787 और 45 हजार 822 वोट मिले। तीन सीटें ऐसी रहीं, जहां सपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर थे। इस तरह दस सीटों पर सपा की प्रभावी उपस्थिति रही। सपा को कुल 4 लाख 96 हजार 25 (1.3 प्रतिशत) वोट मिले।