Move to Jagran APP

MP Chunav 2018: CCTV और जवान कर रहे स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी

MP Chunav 2018 : विधानसभा चुनाव मतदान के बाद महाकोशल-विंध्य में ईवीएम और वीवीपैट की कड़ी सुरक्षा की गई है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Published: Mon, 03 Dec 2018 08:16 PM (IST)Updated: Tue, 04 Dec 2018 07:46 AM (IST)
MP Chunav 2018: CCTV और जवान कर रहे स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी
MP Chunav 2018: CCTV और जवान कर रहे स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी

जबलपुर। महाकोशल-विंध्य में 28 नवंबर को मतदान पूर्ण हो जाने के बाद सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को जिले में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इनकी निगरानी में सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी और भारी संख्या में सुरक्षा बल लगाए गए हैं।

loksabha election banner

वहीं दूसरी ओर किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पार्टी के समर्थक स्ट्रांग रूम के बाहर 24 घंटे डेरा जमाए हुए हैं। प्रशासन भी नियमित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर रहे हैं। कुछ जिलों प्रत्याशियों द्वारा सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर उठाए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन का मानना है कि ईवीएम की सुरक्षा मुस्तैदी के साथ की जा रही है।

अनूपपुर : शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में तीनों विस क्षेत्र के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को सील कर दिया है। इनका नियमित रुप से कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी अनुग्रह पी और पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है। स्ट्रांग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। जिसमें आइसोलेशन कार्डन में एक प्लाटून सशस्त्र सुरक्षा बल, इनर कार्डन में 1.2.8 एसएएफ एवं आउटर कार्डन में जिला पुलिस बल के 1 निरीक्षक, 6 उप निरीक्षक एवं 4 आरक्षक हैं। 24 घंटे 20 कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।

बालाघाट : शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया है। यहां ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रूम में पैरा मिल्ट्री फोर्स के जवान तैनात हैं। जो 13-13 की संख्या में सुरक्षा कर रहे हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप जायसवाल ने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी और एलसीडी बंद हंै। हालांकि प्रशासन का कहना है कि बंदर के कूदने से पेड़ की डाल टूट गई थी इससे कुछ देर के लिए सीसीटीवी बंद हो गया था लेकिन बाद में इसे सुधार लिया था।

सिवनी: पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को रखा गया है। केंद्रीय सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) के जवान चौबीस घंटे यहां तैनात हैं। यहां कोई प्रत्याशी भी डेरा नहीं डाले हैं। एएसपी गोपाल खांडेल ने बताया है कि सीआरपीएफ की 123वीं बटालियन की बी कंपनी के चार सेक्शन ईवीएम की सुरक्षा में लगाए गए हैं। कंपनी के 40 जवान कड़ी नजर रख रहे हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर जिला पुलिस बल के अधिकारी नजर रख रहे हैं।

शहडोल: यहां भी ईवीएम व वीवीपैट को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं और हर गतिविधियों की रिकॉर्डिंग भी हो रही है। तीनों कमरों में 13-13 का सशस्त्र सुरक्षा बल लगा है। 50 सुरक्षाकर्मियों की यहां ड्यूटी लगाई है। स्ट्रांग रूम परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति व अधिकारी-कर्मचारी की एंट्री हो रही है।

कटनी : कृषि उपज मंडी कटनी में ईवीएम की सुरक्षा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 36 जवान कर रहे हैं। कलेक्टर केवीएस चौधरी ने बताया कि उन्होंने वहां बंकर बनाया है। इस ऊंचाई से वे ईवीएम पर कड़ा पहरा दे रहे हैं। ये जवान सभी आधुनिक हथियारों से लैस हैं।

मंडला: स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सीआरपीएफ, एसएएफ और जिला पुलिस के जवान तीन घेरों में ईवीएम की सुरक्षा में लगे हैं। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जा रही है।

डिंडौरी: यहां कलेक्ट्रेट में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी और सुरक्षाबलों के तीन घेरों के बीच ईवीएम की सुरक्षा की जा रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.