MP Chunav 2018: विधायक नीलम मिश्रा ने छोड़ा भाजपा का साथ
Madhya Pradesh Chunav 2018 नीलम पूर्व में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा, मंत्री राजेन्द्र शुक्ल व जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव पर कई गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।
रीवा/मंडला/बालाघाट, नईदुनिया प्रतिनिधि। सेमरिया विधायक नीलम अभय मिश्रा ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है। लेकिन अभी उन्होंने किसी अन्य दल में जाने का मन नहीं बनाया है। नीलम पूर्व में भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा, मंत्री राजेन्द्र शुक्ल व जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव पर कई गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। इसी तरह अपने पति जिपं अध्यक्ष अभय मिश्रा की गिरफ्तारी को लेकर विधानसभा में धरने पर बैठ गई थीं। अभय मिश्रा रीवा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
मंडला- मंडी अध्यक्ष ने सभी पदों से दिया इस्तीफा
मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सदस्य व बिछिया कृषि मंडी अध्यक्ष सुनील नामदेव ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। बिछिया सीट से भाजपा ने शिवराज शाह को टिकट दिया है, जिससे नाराज होकर मंडी अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया है।
बालाघाट- राजकुमार कर्राहे ने दिया भाजपा से इस्तीफा
लांजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पूर्व जिपं सदस्य व जनपद पंचायत लांजी के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार कर्राहे ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।