मध्यप्रदेश में 'आपरेशन 15 दिन' में भाजपा करेगी धुआंधार प्रचार
सीएम शिवराज पिछले छह महीनों में प्रदेश में छह सौ से ज्यादा सभाएं कर चुके हैं।
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में 'आपरेशन 15 दिन" चलाने की तैयारी की है। 10 नवंबर के बाद मप्र में 15 दिन भाजपा धुआंधार प्रचार करेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की एक दर्जन जिलों में सभाएं आयोजित की जाएंगी। बाकी केंद्रीय मंत्री और नेताओं के भी दौरे होंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी सभाएं प्रदेशभर में होंगी। चौहान पिछले छह महीनों में प्रदेश में छह सौ से ज्यादा सभाएं कर चुके हैं। कई बार सभी 52 जिलों की परिक्रमा सीएम कर चुके हैं।
मध्यप्रदेश में चौथी बार हर हाल में सरकार बनाने के लिए भाजपा 'आपरेशन 15 दिन" चलाएगी। नामांकन प्रक्रिया के बाद 10 नवंबर से 26 नवंबर के बीच पार्टी प्रदेश में जबर्दस्त चुनाव प्रचार करेगी। इस दौरान प्रदेश में केंद्रीय नेताओं की भी सभाएं कराई जाएंगी।
पार्टी ने 2003 की स्टाइल में चुनाव लड़ने की व्यूह रचना की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 10 तारीख के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की दर्जनभर सभाएं होंगी। पार्टी ने ऐसी रणनीति तैयार की है कि 10-12 विधानसभा क्षेत्रों के बीच में प्रधानमंत्री की सभा रखी जाए, ताकि कम से कम डेढ़ सौ सीटों के मतदाताओं तक दिग्गज नेताओं की पहुंच हो सके।
शाह के भोपाल कैंप की संभावना कम
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मानें तो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल कैंप की संभावनाएं खत्म होती जा रही हैं। संभावना है कि वे दिल्ली से ही मप्र के दौरे करेंगे और वहीं से प्रदेश के चुनाव की कमान संभालेंगे। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि सितंबर के अंत तक शाह मप्र में डेरा डाल लेंगे।
कैंपेनर सीएम रहेंगे
मप्र में हमारे मुख्य कैंपेनर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रहेंगे। सर्वाधिक सभाएं प्रदेश में चौहान की ही होंगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, केंद्रीय मंत्री सहित अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी प्रचार में हिस्सा लेंगे।
- रजनीश अग्रवाल, प्रवक्ता भाजपा मप्र