मध्य प्रदेश में 70-80 भाजपा विधायकों का कट सकता है टिकट
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता विरोधी लहर से पार पाने की कोशिश में अपने कुछ मंत्रियों समेत 70-80 विधायकों का टिकट काट सकती है।
भोपाल, प्रेट्र। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता विरोधी लहर से पार पाने की कोशिश में अपने कुछ मंत्रियों समेत 70-80 विधायकों का टिकट काट सकती है। प्रदेश भाजपा के एक नेता ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी 70-80 विधायकों, मंत्रियों को टिकट नहीं देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। उनके अनुसार, पार्टी में यह विचार कुछ विधायकों के खिलाफ जन आक्रोश की रिपोर्ट मिलने के बाद आया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान विधायकों द्वारा काम नहीं करने की शिकायतें मिली हैं। इसके अलावा एक हालिया चुनावी सर्वेक्षण में अनुमान लगाया गया है कि कांग्रेस 15 साल बाद फिर से सत्ता में वापसी कर सकती है। इसे देखते हुए भाजपा ने सतर्क रुख अपनाकर पहले अपने घर को दुरुस्त करने की बात सोची है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक पदाधिकारी ने बताया कि जनाक्रोश कुछ विधायकों के खिलाफ है, न कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ। मुख्यमंत्री अभी भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। ऐसे में भाजपा ने यदि नए चेहरे उतारे तो सत्ता में कायम रहने का अच्छा मौका होगा। मालूम हो कि 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 230 में से 165 सीटें जीती थीं। उस समय पार्टी ने 25 फीसद नए चेहरे उतारे थे और उनमें से 75 फीसद विजयी हुए थे।