Madhya Pradesh Assembly Election: किन्नर मतदाता भी पीछे नहीं रहे
Madhya Pradesh Assembly Election: सबसे ज्यादा 94 किन्नर मतदाता भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसके बाद इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 का नंबर आता है जहां 32 किन्नर मतदाता हैं।
मल्टीमीडिया डेस्क। मध्यप्रदेश के कई मतदान केंद्रों पर किन्नर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रदेश में किन्नर मतदाताओं की संख्या काफी कम है इसके बावजूद उन्होंने मतदान में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रदेश में कुछ जगहों पर किन्नर चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई। इससे पहले हुए विधानसभा और नगरीय निकाय के चुनावों में जनता ने इनके वादों पर भरोसा करते हुए इनको चुना भी है।
मप्र चुनाव आयोग द्वारा जारी सूची के अनुसार सबसे ज्यादा 94 किन्नर मतदाता भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र में है। इसके बाद इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 का नंबर आता है जहां 32 किन्नर मतदाता है। इसके अलावा इंदौर 5 में 28 इंदौर 2 में 26 और राऊ में 30 किन्नर मतदाता हैं। जबलपुर में 26 किन्नरों के मतदाता सूची में नाम दर्ज है। पनागर, बैतूल, होशंगाबाद, खंडवा, नेपानगर, उज्जैन साउथ सहित अन्य विधानसभाओं में 18-18 किन्नर मतदाता हैं। वहीं ग्वालियर समेत अंचल के श्योपुर, भिंड, दतिया और शिवपुरी जिले में लगभग 171 किन्नर हैं।
प्रदेश में 19 विधानसभा क्षेत्र ऐसे भी हैं जहां एक भी किन्नर मतदाता मौजूद नहीं है। ये विधानसभा क्षेत्र जबेरा, चित्रकूट, सिरमौर, त्योंथर, देवतालाब, मनगवां, गुढ़, चितरंगी, मानपुर, बिछिया, मंडला, कटंगी, गाडरवारा, हरदा, भगवानपुरा, जोबट, बदनवार, गरोठ और मनसा हैं।
चुनावी रण में 6 किन्नर प्रत्याशी चर्चा का विषय बने हुए हैं। इनमें अंबाह से नेहा किन्नर, कोतमा से शबनम मौसी, दमोह से रेहाना शब्बो बुआ, जयसिंहपुर से सुंदरसिंह शालू मौसी, होशंगाबाद से पांछी देशमुख और इंदौर विधानसभा क्रमांक दो से बाला बैसवार मैदान में है।