MP: विधानसभा चुनाव लड़ने से जदयू ने की तौबा, कहा- रोकेंगे वोटों का बिखराव
बिहार में भाजपा के साथ साझा सरकार चलाने वाले जदयू का तर्क है कि वह मप्र में भाजपा को चौथी बार सरकार में आने से रोकना चाहती है।
भोपाल (नईदुनिया स्टेट ब्यूरो)। मध्यप्रदेश विधानसभा की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने का दम भरने वाली जनता दल यूनाईटेड ने अचानक यू टर्न लेते हुए हाथ पीछे खींच लिए हैं। बिहार में भाजपा के साथ साझा सरकार चलाने वाले जदयू का तर्क है कि वह मप्र में भाजपा को चौथी बार सरकार में आने से रोकना चाहती है। इसलिए यह फैसला लिया गया है। इस निर्णय से वोटों का बिखराव रुकेगा जिससे भाजपा सत्ता की सीढ़ी नहीं चढ़ पाएगी।
प्रदेश जदयू के अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के मुखिया नीतीश कुमार की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीने से जदयू मप्र में चुनावी रणनीति बनाने में सक्रिय थी। 85 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम भी लगभग फाइनल कर लिए गए थे। प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर हैं और किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। भ्रष्टाचार-बेरोजगारी पर अंकुश नहीं लग पा रहा। मतों का विभाजन रोकने के लिए ही जदयू ने यह फैसला किया है। जायसवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी अलग से रणनीति तय करेगी।