चुनाव के पहले भाजपा को होता है 'मंदिराइटिस' : प्रमोद तिवारी
तिवारी शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
भोपाल (स्टेट ब्यूरो)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर तंज कसा है कि करीब तीस साल से भाजपा और उसके संगठन को चुनाव में राम मंदिर याद आता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को 'मंदिराराइटिस" हो गया है। वह हर चुनाव के पहले इस मुद्दे को उठाती है और चुनाव समाप्त होते ही उसकी पैकिंग कर रख देती है। भाजपा के लिए राम मंदिर श्रद्धा या आस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि उस पर वह राजनीतिक बिसात बिछाती है।
तिवारी शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार दिल्ली की संसद में और उसके बाहर व्यापमं घोटाले के नाम से पहचानी जाती है। व्यापमं का पर्याय शिवराज सरकार बन चुकी है। मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के कार्यकाल में अपराधों में 200 से 300 फीसदी तक की वृद्धि हो रही है और अपराध लगातार बढ़ ही रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश उद्योग-धंधे लगाने या रोजगार देने की उपलब्धियों में भले ही पीछे है, लेकिन अपराधों के मामले में यूपी से उसकी टक्कर चलती रहती है।
वे बोले कि मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा महिलाएं असुरक्षित हैं। एनसीआरबी के आंकड़ों के माध्यम से उन्होंने दिग्विजय सरकार और भाजपा सरकार के कार्यकाल में होने वाले अपराधों की तुलनात्मक स्थिति भी बताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का 14 साल का वनवास समाप्त होने वाला है और भ्रष्टाचार की शिवराज सरकार जाने वाली है। उन्होंने पत्रकारवार्ता में राफेल के भ्रष्टाचार को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि विमान के बदले फ्रांस की जिस कंपनी को भुगतान होना है, वह उल्टा रुपए दे रही है।