MP : कांग्रेस की सूची में चाचा-भतीजे, मामा-भांजे और बुआ-भतीजा भी
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की 155 प्रत्याशियों की पहली सूची में 15 फीसदी महिलाएं हैं।
रवींद्र कैलासिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की 155 प्रत्याशियों की पहली सूची में 15 फीसदी महिलाएं हैं। कांग्रेस ने 22 महिलाओं को टिकट दिए हैं, जिनमें से 15 चेहरे नए हैं। सूची में चाचा-भतीजे, मामा-भांजे और बुआ-भतीजा भी हैं। प्रत्याशी तय करने में हाईकमान ने गुटीय संतुलन बनाने की भरपूर कोशिश की है। पहली सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के 32 समर्थक टिकट पाने में कामयाब रहे तो दिग्विजय सिंह ने अपने 31 दावेदारों को सूची में शामिल कराया।
सिंधिया के 24 तो अजय सिंह के 17 समर्थक पहली सूची में हैं। आधा दर्जन प्रत्याशी हाईकमान से सीधे टिकट लाने में सफल रहे हैं तो एआईसीसी महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, सांसद कांतिलाल भूरिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी अपने-अपने लोगों को टिकट दिलाने में कामयाब रहे। सिंगरौली से नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के जीजा भुवनेश्वर राजा बाबा का टिकट काटकर दलबदलू रेणु शाह को चुनाव मैदान में उतारा है।
अलग-अलग क्षेत्र से चाचा-भतीजे
कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची में दो चाचा-भतीजों को टिकट मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अनुज और भाजपा से सांसद रहे लक्ष्मण सिंह को चांचौड़ा को टिकट दिया गया है।