घोषित उम्मीदवार लोकसभा 2019
देशभर में 17वीं लोक सभा के गठन के लिए 11 अप्रैल से 19 मई 2019 के बीच सात चरणों में आम चुनाव कराए जा रहे हैं। इन चुनावों के लिए देश की अधिकांश राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों ने अधिकांश संसदीय क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इन चुनावों के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे। संसदीय चुनावों के साथ ही चार राज्यों- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के विधानसभा चुनाव भी कराए जा रहे हैं। संसद के निचले सदन लोकसभा के सदस्यों की संख्या 545 है। इनमें से 543 सदस्यों का निर्वाचन होता है और भारत के राष्ट्रपति एंग्लो-इंडियन समुदाय से दो सदस्यों को मनोनीत करते हैं। चुनावों के दौरान कुल 17.4 लाख वीवीपीएटी यूनिट्स और 39.6 लाख ईवीएम का उपयोग 10,35,918 मतदान केंद्रों पर होगा। वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) प्रणाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को ईवीएम स्लिप जेनरेट करके प्रत्येक वोट को रिकॉर्ड करने में सक्षम बनाती है। देश में 90 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इस तरह यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव है। 1.5 करोड़ मतदाता पहली बार मतदान कर रहे हैं। इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए 71,735 विदेशी मतदाताओं को भी मतदाता सूची में शामिल किया गया है।