Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 : पानी और रोजगार देनेवाली पार्टी को ही महिलाएं देंगी वोट; ELECTION TRAVEL

Lok Sabha Election 2019. चाईबासा की सावित्री देवी ने कहा- नीमडीह में रहती हूं। पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। शहरी जलापूर्ति कब पूरा होगा पता नहीं।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Tue, 30 Apr 2019 12:50 PM (IST)Updated: Tue, 30 Apr 2019 12:50 PM (IST)
Lok  Sabha Election 2019 : पानी और रोजगार देनेवाली पार्टी को ही महिलाएं देंगी वोट; ELECTION TRAVEL
Lok Sabha Election 2019 : पानी और रोजगार देनेवाली पार्टी को ही महिलाएं देंगी वोट; ELECTION TRAVEL

चाईबासा से राजनगर, कारवां बस से मो. तकी। सुबह दस बजे ही सूरज सिर चढ़ आया है। आसमान से आग बरस रही है। अजब सी बेचैनी है। हर कोई पसीने से तर-बतर है। चाईबासा बस स्टैंड पहुंचकर चाईबासा से टाटा जानेवाली कारवां बस पर राजनगर जाने के लिए बैठ गया। बस में सीटें भरी हुई थीं। यात्र में आज महिलाएं अधिक दिख रही थीं। जगह नहीं होने के कारण बस में आगे खड़ा हो गया। बस चाईबासा से निकली तो कुछ और लोग चढ़ गए।

loksabha election banner

मैंने महिला यात्री से पूछा- मौसी इस बार चुनाव का क्या हाल है? चेहरा देख कर उन्होंने मुंह फेर लिया। मैंने फिर प्रश्न दोहराया तो पार्वती देवी ने जवाब दिया- वोट तो देना है, लेकिन नेता लोग चुनाव में ही आते हैं। मैंने पूछा- आपकी मांग क्या है? वह बोल उठीं- जो घर आयेगा उनसे कहेंगे कि गांव में पानी पहुंचाएं। वोट उसी को दूंगी। अबकी तो रसोई गैस भी मिला है। आसपास बैठीं महिलाएं कुछ सवाली निगाह से देखने लगीं। मैंने कहा, आप भी बताएं? दूसरी सीट पर बैठी चाईबासा की सावित्री देवी ने कहा- नीमडीह में रहती हूं। पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ता है। शहरी जलापूर्ति कब पूरा होगा, पता नहीं। इतना साल बीत गया, कुछ नहीं हुआ। पानी घर तक पहुंचाने का वादा जो नेता करेंगे, उन्हें ही वोट देंगे। 

राजनगर की पीजी में पढ़ाई करने वाली मोनिका कुमारी बोल उठीं- सरकार रोजगार नहीं दे रही है। पहली बार वोट दूंगी, लेकिन जो हमें रोजगार देने का पक्का वादा करेगा, उसे ही। गीता कोड़ा महिला हैं। महिलाओं की समस्याएं समझ सकती हैं। संसद में हम लोगों की आवाज भी उठाएंगी। चाईबासा की शिवानी सिंह तपाक से बोल उठीं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम ऊंचा किया है। पांच साल में एक भी भ्रष्टाचार सुनने को नहीं मिला। महिलाएं भी सुरक्षित हैं। विकास भी कर रहे हैं। इनकी बात सुन कर मोनिका बोल उठीं- यह तो ठीक है, पर रोजगार भी तो मिलना चाहिए।

पीछे वाली सीट पर कुछ पुरुष यात्री बैठे थे। मैंने कहा- भाई साहब, आप लोग भी कुछ बताइए। तभी जगन्नाथपुर के गुरुचरण चातार बोल उठे- हमलोगों के लिए सांसद कुछ नहीं किए। एकबार गांव नहीं आए। गीता कोड़ा कई बार आयी हैं। तभी सूरज ¨पगुवा उठकर आए, कहने लगे कि सांसद को इतना बड़ा क्षेत्र देखना होता है, जबकि गीता कोड़ा जगन्नाथपुर की विधायक हैं, वह तो जाएंगी ही। गुरुचरण ने फिर कहा- महिला प्रत्याशी है। कामकाज में अच्छी भी है। सूरज ने कहा- हम देश के लिए वोट डालेंगे। केंद्र सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। मोनिका फिर से कह उठीं- देश में सब फर्जी चल रहा है। देश में सबकुछ प्राइवेट संस्थाओं को दे दिया गया है। अनुबंध पर युवाओं को कुछ पैसे तो मिल रहे हैं, लेकिन उम्र बर्बाद हो रही है। इतने में पता चला कि बस राजनगर में पहुंच चुकी है। कंडक्टर ने आवाज लगाई और यात्रियों के साथ मैं भी उतर गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.