Move to Jagran APP

UP Lok Sabha Election 2019: वेस्ट यूपी की 8 सीटों पर मतदान आज, 96 उम्मीदवार हैं मैदान में

UP Lok Sabha Election 2019पहले चरण में 1.50 करोड़ मतदाता अपना प्रत्याशी चुनेंगे। कैराना बिजनौर बागपत व गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 10 Apr 2019 12:41 PM (IST)Updated: Thu, 11 Apr 2019 06:21 AM (IST)
UP Lok Sabha Election 2019: वेस्ट यूपी की 8 सीटों पर मतदान आज, 96 उम्मीदवार हैं मैदान में
UP Lok Sabha Election 2019: वेस्ट यूपी की 8 सीटों पर मतदान आज, 96 उम्मीदवार हैं मैदान में

लखनऊ [जागरण स्पेशल]। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Election 2019) के पहले चरण का मतदान आज, 11 अप्रैल को होने जा रहा है। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं। 

loksabha election banner

चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समयानुसार सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होगा। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की इन लोकसभा सीटों पर 96 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। इन आठ लोकसभा सीटों पर 1.50 करोड़ मतदाता अपने प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन आठ सीटों के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुल 6716 पोलिंग सेंटर व 16,518 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम 5:00 बजे थम गया था। बुधवार, 10 अप्रैल की सुबह ही पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। चुनाव आयोग ने भी मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण की आठ लोकसभा सीटों में कैराना, बिजनौर, बागपत व गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक 13-13 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे कम 10 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर में हैं। सहारनपुर व मेरठ में 11-11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। गाजियाबाद में 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

मतदान से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। कहीं भी गड़बड़ी करने वालों अथवा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। अपराधियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है।

मतदान के लिए 10 जिलों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गए हैं। पहले चरण में 130 जोन व 1308 सेक्टर बनाये गए हैं, जिनमें एक लाख पांच हजार पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी पर होंगे। 157 कंपनी अर्द्धसैनिक बल के अलावा 35 कंपनी पीएसी, 5329 उपनिरीक्षक, 5110 मुख्य आरक्षी, 29670 सिपाही, 39088 होमगार्ड, 951 पीआरडी जवान व 5408 ग्राम प्रहरी सुरक्षा-व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे।

सहारनपुर में 2760 बूथों के लिए 11,040 कर्मचारी लगाए गए हैं, जबकि 285 पोलिग पार्टियां व इसके 1140 कर्मचारी रिर्जव में रहेंगे। यहां पर कांग्रेस के इमरान मसूद,गठबंधन के हाजी फजलुर्रहमान और भाजपा के राघव लखनपाल सहित 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 17,36,881 मतदाता हैं, जिनमें 9,28,665 पुरुष और 8,08,134 महिला मतदाता हैं। मतदान के लिए 1283 मतदान केंद्रों पर 2760 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 

कैराना लोकसभा क्षेत्र में 16 लाख 61 हजार 963 मतदाता है, जिनमें आठ लाख 95 हजार 685 पुरुष मतदाता, सात लाख 66 हजार 185 महिला मतदाता, पांच हजार 683 दिव्यांग मतदाता शामिल है। यहां कुल चार हजार 400 मतदान कार्मिक चुनाव प्रक्रिया में शामिल रहेंगे।

मेरठ संसदीय सीट से 18.88 लाख मतदाताओं में महिलाओं मतदाताओं की संख्या 8.59 लाख है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट पर प्रथम चरण में भाजपा के राजेंद्र अग्रवाल, कांग्रेस के हरेंद्र अग्रवाल और गठबंधन के याकूब कुरैशी सहित 11 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमाएंगे। यहां बूथों की संख्या 2740 हैं, जबकि मतदान केंद्र 1198 और पोलिंग पार्टियां 3015 हैं।

बिजनौर लोकसभा सीट पर कुल 16,51,296 मतदाता हैं, जिसमें पुरुष 8,87,566 और महिला 763430 हैैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी भरतेंद्र सिंह, गठबंधन प्रत्याशी मलूक नागर,कांग्रेस प्रत्याशी नसीमुद्दीन सिददीकि समेत सात प्रत्याशी चनाम मैदान में हैं।

मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर 915 बूथों पर 2167 ईवीएम वीवीपैट से चुनाव कराया जाएगा। यहां भाजपा के संजीव बालियान, गठबंधन के चौधरी अजित सिंह सहित कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं। इस सीट में कुल वोटर 16,92,313 हैं, जिनमें 9,15,804 पुरुष, 7,76,398 महिलाएं और 111 अन्य हैं। वहीं बागपत लोकसभा सीट में 16,16,434 मतदाता हैं, जिसमें 8,97,117 पुरुष मतदाता और 7,19,232 महिला मतदाता हैं। कुल 840 मतदान केंद्रों पर 1796 बूथों पर मतदान होगा।

शामली की कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रदीप चौधरी, गठबंधन की तबस्सुम बेगम और कांग्रेस के हरेंद्र मलिक सहित 13 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। 16 लाख 61 हजार 963 मतदाता है, जिनमें आठ लाख 95 हजार 685 पुरुष व सात लाख 66 हजार 185 महिला मतदाता हैं। यहां कुल बूथ 1823 हैं, जिनमें से 633 संवदेनशील और 71 अति संवेदनशील हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.