Lok Sabha Elections 2019: विजय रूपाणी बोले, गुजरात में सभी 26 सीट पर जीतेगी भाजपा
Vijay Rupani. सीएम विजय रूपाणी ने कहा है गुजरात में भाजपा सभी 26 सीट पर जीतेगी और पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में फिर से सत्ता में आएगी।
अहमदाबाद, जेएनएन। सीएम विजय रूपाणी ने कहा है कि कांग्रेस चोरों की जमात है, देश की जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री चुनने का मन बना लिया है। गुजरात में भाजपा सभी 26 सीट पर जीतेगी और पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में फिर से सत्ता में आएगी। गुजरात की जनता भाजपा के उम्मीदवारों को रिकार्ड मतों से जीत दिलाएंगे। यह चुनाव चौकीदार वर्सेज घोटाले व भ्रष्टाचार करने वालों के बीच है।
वडोदरा से भाजपा की प्रत्याशी रंजनबेन भट्ट के रोड शो व नामांकन के दौरान मौजूद रहे मुख्यमंत्री रूपाणी ने कहा कि कांग्रेस देश की सेना की कार्रवाई पर भी सवाल उठा रही है। कांग्रेस राज में देश में घोटालों व सिलसिलेवार भ्रष्टाचार की घटनाएं होती थी लेकिन जब से सत्ता पर चौकीदार नरेंद्र मोदी आए हैं, देश के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। रूपाणी ने कहा आने वाला चुनाव कांग्रेस के भ्रष्ट, घोटालेबाज नेताओं के खिलाफ चौकीदारों की लड़ाई है। देश का हर एक व्यक्ति आज चौकीदार बनकर देश की सेवा करना चाहता है। रूपाणी ने कहा कि देश ने मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। गुजरात की सभी 26 सीटों पर फिर से भाजपा की जीत होगी। गुजरात की जनता भाजपा उम्मीदवारों को रिकार्ड मतों के साथ चुनाव जिताएगी।
पूर्व मंत्री जयनारायण व्यास ने कहा कि वडोदरा के लोगों ने पिछले चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पांच लाख से अधिक मतों से जीत दिलाई थी, उनके सीट छोड़ने के बाद रंजन भट्ट उपचुनाव में सांसद चुनी गईं। व्यास ने कहा कि देश में भाजपा के पक्ष में माहौल है। यह सीट कितने अंतर से जीतेंगे, इसकी चर्चा करने की जरूरत नहीं लेकिन एक बड़े अंतर के साथ भाजपा जीत की ओर बढ़ रही है।